OMG! मृत व्यक्ति हो गया जीवित, डॉक्टर भी हैरान; जानिए पूरी डिटेल

प्रतीकात्मक तस्वीर

मुरादाबाद (उप्र)। क्या कोई मृत व्यक्ति जीवित हो सकता है? सभी कहेंगे नहीं लेकिन कभी-कभी ऐसी घटनाएं भी हो जाती हैं जिसे देखकर मेडिकल साइंस और डॉक्टर भी हैरान रह जाते हैं। ऐसा ही एक मामला उप्र के मुरादाबाद से सामने आया है।

यहां एक शख्स को उसकी कथित मौत के बाद मुर्दाघर के फ्रीजर में रख दिया गया था। अगले दिन शव का पोस्टमार्टम किया जाना था। सात घंटे बाद जब मुर्दाघर का फ्रीजर खोला गया, तो वह जिंदा निकला।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुरादाबाद के श्रीकेश कुमार को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद उन्हें गुरुवार रात जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अगले दिन अस्पताल के कर्मचारियों ने शव को फ्रीजर में रख दिया।

पुलिस ने बताया कि शव की पहचान के बाद परिवार के सदस्यों के हस्ताक्षर लेकर शव परीक्षण के लिए सहमति देनी थी, तभी शख्स के किसी परिजन को लगा कि शरीर में हलचल हो रही है।

इसके बाद जब टीम ने चेक किया तो वाकई में वह शख्स जीवित निकला। तत्काल उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र है कि मेरठ के एक अस्पताल में शख्स का इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत में सुधार देखा गया है।

परिजनों ने कहा कि हम डॉक्टरों के खिलाफ लापरवाही की शिकायत दर्ज कराएंगे। वहीं मुरादाबाद के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ शिव सिंह ने कहा आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी ने सुबह तीन बजे मरीज को देखा था, तब उसका दिल नहीं धड़क रहा था। उसने कई बार उस व्यक्ति की जांच की थी।

उन्होंने बताया कि पूरी जांच के बाद ही उसे मृत घोषित किया गया था, लेकिन सुबह पुलिस की एक टीम और उसके परिवार ने उसे जीवित पाया।

फिलहाल मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह एक दुर्लभ मामला है, जांच के बाद ही पूरा कारण सामने आ पाएगा।

Back to top button