
PM मोदी ने छठ पूजा के समापन पर दी शुभकामनाएं, छठी मैया से की प्रार्थना
PM Narendra Modi Chhath Puja: लोकआस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का आज महासमापन हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का आज आखिरी दिन है। जब उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठी मैया की आराधना पूरी होगी और व्रती अपने 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारायण करेंगे।
बता दें कि बिहार की राजधानी पटना समेत देश के तमाम शहरों में छठ का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उषा अर्घ्य के दिन लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।”
उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।
— Narendra Modi (@narendramodi) November 16, 2026
जेपी नड्डा की शुभकामनाएं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ लोक आस्था का यह महापर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने लिखा कि सामाजिक सद्भाव, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक यह पावन महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करे। भगवान सूर्यदेव और छठी मइया से प्रार्थना है कि सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और हर घर खुशियों से आलोकित हो।
सुबह-सुबह भगवान सूर्य को उषा अर्घ्य
आपको बता दें कि देश के विभिन्न हिस्सों में लोक आस्था के महापर्व छठ के आखिरी दिन सोमवार को व्रतियों ने सुबह सुबह भगवान सूर्य को उषा अर्घ्य दिया। 36 घंटे से निर्जला व्रत किए छठ व्रतियों ने नदियों और तालाबों में खड़े होकर सूरज की पहली किरण के साथ अर्घ्य दिया और बच्चों और परिवार की खुशहाली की कामना की।





