चीन की मुस्लिमों पर ज्यादतियां, तोड़ी जा रही है पुरानी मस्जिदें

चीन ने उइगर मुस्लिमों के प्रति ज्यादतियां बरतने के साथ ही अब चीन में बनी मस्जिदों को भी तोड़ना शुरू कर दिया है।

चीन में तोड़ी जा रही है पुरानी मस्जिदें (सूत्र:मीडिया)

रिपोर्ट्स के अनुसार चीन के दक्षिण पश्चिम के क्षेत्र में जो मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र है, वहां मस्जिदों को तोड़ा जाना है। इसे लेकर बवाल मचा है। मुस्लिमों ने मस्जिदों को तोड़ने का विरोध किया है। इस कारण स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों और पुलिस प्रशासन के बीच झड़प भी हुई है। यह मस्जिद सैकड़ों साल पुरानी हैं।जिनपिंग की सरकार इस मस्जिद के गुंबद को तोड़ना चाहती है।लेकिन जहां एक ओर चीन द्वारा मस्जिद तोड़ने की ‘गलत’ हरकत की जा रही है, वहीं दूसरी ओर इस पूरे मामले में पाकिस्तान, कतर, यूएई, अरब और तुर्की जैसे इस्लामिक देशों ने खामोशी बनाए रखी है।  

चीन की सरकार मुस्लिमों पर दमन चक्र चला रही है। यही कारण है कि मस्जिद को तोड़े जाने की कवायद हो रही है।रिपोर्ट्स के अनुसार शनिवार को चीनी पुलिस अधिकारी नाजिआयिंग मस्जिद में घुसना चाहते थे। चीनी नागरिकों के कड़े विरोध के बाद पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। इसके बाद स्‍थानीय लोग वहीं मस्जिद के बाहर धरने पर बैठ गए।

जिस मस्जिद पर कार्यवाही की जा रही है, हाल ही में उसकी मीनार और गुंबद की छत को बनाया गया था। चीनी कोर्ट ने इसे अवैध करार दे दिया है। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को एक निर्धारित समय की मियाद दी है। हजारों की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मुस्लिम बाहुल्य नागू शहर से कई लोगों गिरफ्तारी भी हुई है। इस मस्जिद का निर्माण 13वीं सदी में किया गया था। चीन का यूनान प्रांत हुई मुस्लिमों का गढ़ है जो अब चीन की सरकार के निशाने पर हैं। दरअसल, चीन के राष्‍ट्रपति शी जिनपिंग ने कम्‍युनिस्‍ट पार्टी को निर्देश दिया है कि वह देश के धार्मिक अल्‍पसंख्‍यकों का ‘चीनीकरण’ करे।

इससे पहले रेडियो फ्री एशिया की एक रिपोर्ट के अनुसार चीन ने रमजान के महीने में चीन में रहने वाले उइगर मुसमानों को रोजा रखने पर भी प्रतिबंध लगाया था। ये उइगर मुसलमान रमजान महीने में रोजा न रख सकें, इसके लिए चीन की पुलिस जासूसों का उपयोग किया। रिपोर्ट के मुताबिक, उइगर मुसलमानों की संस्कृति, उनकी भाषा, धर्म को कम करने के उद्देश्य से चीन ने 2017 में रमजान के दौरान शिनजियांग प्रांत में मुस्लिमों के रोजा रखने पर बैन लगाना शुरू कर दिया था|

Back to top button