
CJP Protest: केंद्र और CJP के बीच बातचीत बेनतीजा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर फंसा पेंच
सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई न करने और प्रभावित छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने पर सहमति जताई जबकि CJP ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अपनी मांग दोहराई।
CJP Protest: नीट (NEET) परीक्षा धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों के बीच शुक्रवार (24 जुलाई 2026) को कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में हुई अहम बैठक बेनतीजा रही। दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद कोई अंतिम समझौता नहीं हो सका है।
सीजेपी जहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अपनी मुख्य मांग पर अड़ी हुई है, वहीं सरकार ने इस पर फैसला लेने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर फंसा पेंच
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने सरकार ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की हमारी मांग पर निर्णय लेने के लिए कल दोपहर तक का समय मांगा है। हमें पूरी उम्मीद है कि सरकार छात्रों की भावनाओं को समझते हुए उन्हें जल्द ही पद से हटाएगी।
-
नीट परीक्षा विवाद के कारण तनाव में आकर जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों के पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा।
-
आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज की गई FIR और कानूनी मामलों की पूरी तरह से वापसी।
न्यूट्रल वेन्यू पर बुलाई गई थी बैठक
इससे पहले सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने जानकारी दी थी कि पार्टी की मांग पर सरकार निष्पक्ष स्थान यानी ‘कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया’ में बातचीत के लिए सहमत हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद में पेपर लीक विरोधी कड़ा कानून लाने के आश्वासन पर प्रतिक्रिया देते हुए सीजेपी ने साफ कहा था कि परीक्षा प्रणालियों में सबसे बड़ी सख्त कार्रवाई शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से हटाना ही होगी।
#WATCH दिल्ली: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह, और कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और इसके राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका के बीच बैठक हुई। pic.twitter.com/xsnUvwgKao
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 24, 2026
सेंट्रल दिल्ली में इंटरनेट बैन बढ़ा
वार्ता में गतिरोध और जंतर-मंतर पर जारी हलचल को देखते हुए प्रशासन ने ऐहतियाती कदम उठाए हैं। सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में इंटरनेट सेवाओं पर लगे प्रतिबंध को बढ़ाकर शुक्रवार आधी रात तक कर दिया गया है। वहीं, विपक्ष इस मुद्दे पर काफी आक्रामक रुख अपना रहा है। कांग्रेस पार्टी ने इस गतिरोध के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन चलाने का ऐलान किया है, और पार्टी नेता राहुल गांधी जल्द ही एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने वाले हैं।
सोनम वांगचुक ने तोड़ा अनशन
इससे पहले, 26 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने गुरुवार (23 जुलाई 2026) की देर रात अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया था।
गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात और सरकार की ओर से मांगों पर लिखित भरोसा मिलने के बाद वांगचुक ने जूस पीकर अपना अनशन खत्म किया था। हालांकि, सीजेपी का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, प्रदर्शन जारी रहेगा।





