
CM योगी मथुरा में मनाएंगे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
श्रीकृष्ण जन्म भूमि पर योगी करेंगे गोपूजन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से दो दिवसीय दौरे पर मथुरा आएंगे। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वह दोपहर एक बजे वृंदावन पहुंचेंगे। यहां पौधरोपण के बाद विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह के साथ 1051 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इसमें 167 नई परियोजनाएं शामिल हैं।
सीएम योगी के दौरे पर मथुरा-वृंदावन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन वाले मार्गों पर पुलिस व पीएसी के जवानों को तैनात किया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, वृंदावन और अन्य प्रमुख कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए चेकिंग और निगरानी व्यवस्था बढ़ा दीकी गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है। मुख्यमंत्री के रूट पर बैरियर लगाकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। सीएम योगी शाम को सात बजे वृंदावन से पानीगांव मार्ग पर 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित भक्ति स्तंभों का भी निरीक्षण करेंगे। रात को वह वेटेरिनरी विवि के गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगे। चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सीएम योगी सुबह 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेंगे। यहां वह गोपूजन करने के बाद भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह यहां से रवाना हो जाएंगे।





