
Jewar Airport निरीक्षण के लिए पहुंचे सीएम योगी, जल्द शुभारंभ के दिए निर्देश
Jewar Airport: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। वह गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से सुबह 11:42 बजे हेलीकॉप्टर के माध्यम से पहुंचें। सीएम ने एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और तीन चक्कर लगाने के बाद 11:48 बजे टर्मिनल बिल्डिंग पहुंचकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निर्माण कार्य में देरी, नई डेडलाइन पर जोर
जेवर में बन रहे देश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण पहले 29 सितंबर 2024 तक पूरा होना था। लेकिन निर्धारित समय पर काम पूरा न होने के बाद इसे दिसंबर 2024 तक बढ़ाया गया। फिर अप्रैल 2025 और उसके बाद 30 अक्टूबर 2025 तक एयरपोर्ट का शुभारंभ तय किया गया, जिसे केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने भी घोषित किया था।
लेकिन काम अधूरा रहने के चलते अब एक बार फिर समयसीमा आगे बढ़ सकती है।
#UPCM @myogiadityanath ने आज जनपद गौतमबुद्ध नगर के जेवर में निर्माणाधीन ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। pic.twitter.com/SttPoDmLJm
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) October 25, 2025
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि बचे हुए कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरे किए जाएँ और एयरपोर्ट को संचालन के लिए तैयार किया जाए।
प्रधानमंत्री की जनसभा स्थल का भी लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान यात्रियों की बोर्डिंग और प्रवेश व्यवस्था की जांच की।
इसके साथ ही उन्होंने टर्मिनल बिल्डिंग के सामने उस स्थान का निरीक्षण किया जहाँ एयरपोर्ट शुभारंभ के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित जनसभा आयोजित की जा सकती है।
बाद में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के कार्यालय में निर्माण एजेंसी और अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्य योजना पर चर्चा की।
1 घंटे 10 मिनट के दौरे के बाद रवाना
सीएम योगी दोपहर 12:58 बजे हेलीपैड से गाजियाबाद के लिए रवाना हुए। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री ब्रजेश सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, डीएम मेधा रूपम, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह सहित यमुना प्राधिकरण और नोएडा प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर 5 रनवे बनाए गए हैं
जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद यहां से 150 उड़ानें प्रतिदिन संचालित होंगी. एयरपोर्ट पर 5 रनवे बनाए गए हैं. 95% काम पूरा हो चुका है. वहीं बचा काम 10 नवंबर तक होने की उम्मीद है. शुरू में एक रनवे के साथ एयरपोर्ट क्रियाशील होगा. मौजूदा समय में 3300 एकड़ भूमि पर एयरपोर्ट का निर्माण हुआ है. कुल 6700 एकड़ जमीन अभी कब्जे में ली जा चुकी है. वहीं 5100 एकड़ जमीन 3 माह में अधिग्रहित की जाएगी. 5000 करोड़ की लागत से जमीनों का अधिग्रहण हुआ है. प्रथम चरण में एयरपोर्ट निर्माण की लागत 7000 करोड़ है. एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल 11750 एकड़ में होगा. एयरपोर्ट पर प्रतिवर्ष 30 करोड़ यात्रियों की क्षमता होगी.





