Agra से सीएम योगी का बड़ा ऐलान, शिक्षकों को स्वास्थ्य और बीमा सुरक्षा का डबल गिफ्ट…

UP News: उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा के खंदारी परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उच्च शिक्षा विभाग और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) भी हुआ, जिसके बाद प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक शिक्षक, कर्मचारी और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ व्यापक बीमा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

शिक्षकों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा कवच
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के तहत अब प्रदेश के विश्वविद्यालयों, सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और स्ववित्तपोषित शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इस योजना का लाभ उनके आश्रित परिवार के सदस्य भी उठा सकेंगे।

सरकार का कहना है कि इससे गंभीर बीमारियों के इलाज में होने वाले आर्थिक बोझ से शिक्षकों को राहत मिलेगी और वे बिना किसी वित्तीय चिंता के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे।

PNB के साथ समझौते से मिला दूसरा बड़ा लाभ
कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा विभाग और पंजाब नेशनल बैंक के बीच हुए एमओयू के तहत शिक्षकों और कर्मचारियों को अतिरिक्त वित्तीय सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को ₹3 करोड़ तक का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें दुर्घटना बीमा, जीवन बीमा और अन्य बैंकिंग सुविधाएं भी शामिल हैं, जिससे शिक्षकों और उनके परिवारों को व्यापक सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।

1.28 लाख से अधिक शिक्षक और कर्मचारी होंगे लाभान्वित
इस योजना का लाभ प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों, सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और स्ववित्तपोषित संस्थानों में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी तथा उनके आश्रित परिवारों को मिलेगा। सरकार का दावा है कि यह देश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में शिक्षकों के लिए लागू की गई सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में से एक है।

‘शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देते, बल्कि समाज और राष्ट्र का भविष्य भी गढ़ते हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ शिक्षक ही बेहतर शिक्षा व्यवस्था का आधार बन सकता है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार लगातार शिक्षकों के हित में नई योजनाएं लागू कर रही है।

यह भी पढ़ें…

Lucknow News: नाबालिग को होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म, 70 वर्षीय आरोपी सहित 5 गिरफ्तार

शिक्षकों ने किया सरकार का आभार
योजना की घोषणा के बाद शिक्षकों और कर्मचारियों में उत्साह देखा गया। कई शिक्षक संगठनों ने इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम बताया। उनका कहना है कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा और उच्च बीमा कवर से शिक्षकों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और वे पूरी निष्ठा के साथ अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें…

UP News: मासूम ने पैंट में किया पेशाब तो हैवान बनी शिक्षिका, गर्म चाकू से दागा प्राइवेट पार्ट

शिक्षा क्षेत्र में सरकार का बड़ा संदेश
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल केवल स्वास्थ्य सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षकों का मनोबल बढ़ाना भी है, ताकि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को और अधिक मजबूती मिल सके।

यह भी पढ़ें…

UP News: बेकाबू ट्रक ने घर के बाहर बैठे परिवार को रौंदा; पति-पत्नी और दो मासूमो की मौत

Back to top button