UP News: बेकाबू ट्रक ने घर के बाहर बैठे परिवार को रौंदा; पति-पत्नी और दो मासूमो की मौत

संतकबीरनगर के खलीलाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने घर के बाहर बैठे बुजुर्ग दंपति और उनके दो मासूम नातियों को रौंद दिया, चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

UP News: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है। जिले के कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के कुर्थिया चौराहे पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे घर के बाहर बैठे परिवार को कुचल दिया।

इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों दंपति और उनके दो मासूम नातियों की मौके पर ही मौत हो गई। भीषण हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार और कोहराम मच गया।

सुबह-सुबह घर के बाहर बैठे थे

जानकारी के मुताबिक, खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कुर्थिया चौराहे पर हाईवे से सटकर बने मकान के बाहर 62 वर्षीय लालजी अपनी पत्नी ज्ञानमती (60) और दो छोटे नातियों आदर्श (12) तथा सत्यम (6) के साथ चारपाई पर बैठे थे।

इसी दौरान खलीलाबाद से बस्ती की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। अनियंत्रित हुआ भारी-भरकम ट्रक सड़क छोड़कर सीधा घर के बाहर बैठे परिवार पर चढ़ गया और सबको कुचलते हुए पास के गड्ढे में जा गिरा।

चारों की मौके पर ही सांसें थमीं

टक्कर और रौंदने की रफ्तार इतनी तेज थी कि चारपाई पर बैठे बुजुर्ग दंपति और बच्चे संभल भी नहीं सके। हादसे में चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी, एडिशनल एसपी, सीओ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला गया।

परिजनों में मचा कोहराम

एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया है।

ये भी पढ़े- UP News: यूपी में खाकी शर्मसार, 2 दिन थाने में बर्बरता फिर सड़क पर मरने के लिए छोड़ा

Back to top button