बस्ती में धार्मिक झंडा को लेकर बवाल, उपद्रिवों ने बाइक में लगा दी आग…

Uttar pradesh: बस्ती जिले के हरैया क्षेत्र में झंडा लगाने के विवाद में दो समुदाय के लोगों में बवाल हो गया. कुछ उपद्रिवों ने आगजनी और तोड़ फोड़ भी कर दिया.

झंडा विवाद इस कदर बढ़ गया कि शरारती तत्वों ने एक बाइक में आग भी लगा दी. पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली और तीन लोगों को हिरासत में लिया है. मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है.

जानकारी के मुताबिक, हरैया के रजवापुर स्थित चाफवा गांव में दुर्गा पंडाल के पास कमेटी के लोग पताका लगा रहे थे. यहां लगा दूसरे समुदाय का झंडा गिर गया. इसके बाद विवाद होने लगा. कुछ ही देर में मारपीट होने लगी. दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. इस बीच कुछ शरारती तत्वों ने बाइक में आग लगा दी. कुछ ही देर में बाइक धू-धूकर जलने लगी. आग देख लोग भड़क उठे. तभी किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी.

कुछ ही देर में घटनास्थल पर हरैया-परसरामपुर थाने की फोर्स पहुंच गई. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया. लोगों की नाराजगी देखकर एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान व एडिशनल एसपी श्यामाकांत भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे.

पुलिस ने दोनों समुदाय के लोगों को समझाकर मामला शांत करवाया. साथ ही आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई. वहीं तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है. डीएसपी संजय सिंह ने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों के साथ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी. बताया कि तहरीर मिली है और उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. गांव में फोर्स की तैनाती कर दी गई है.

Back to top button