
Pakistan के Minister Musadik Malik पहुंचे Bharat, Congress ने कसा तंज
Modi सरकार Malik को बिरयानी-कबाब खिलाने की तैयारी में जुटी:Congress
Bharat Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच पाकिस्तान के एक मंत्री के भारत पहुंचने पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम’ में हिस्सा लेने भारत आए हैं। वह इस कार्यक्रम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
उनके दौरे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने डॉ. मुसादिक मलिक का स्वागत किया। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सदस्य देशों के प्रतिनिधि सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक संवाद और आपसी सहयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत-पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ वर्षों से जारी तनाव के बीच करीब तीन साल बाद पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है। ऐसे में इस दौरे ने राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
पाकिस्तानी मंत्री के भारत आने पर कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए मोदी सरकार पर हमला बोला। पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के निमंत्रण पर मुसादिक मलिक भारत पहुंचे हैं, जबकि वह पहले भी भारत को लेकर धमकी भरे बयान दे चुके हैं। कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि मुसादिक मलिक कभी भारतीयों के हाथ काटने तो कभी खून बहाने की धमकी देते रहे हैं। पार्टी ने सवाल उठाया कि एक तरफ पाकिस्तान पर भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देने और भारतीय नागरिकों की हत्या कराने के आरोप लगते हैं, वहीं दूसरी तरफ केंद्र सरकार ऐसे पाकिस्तानी मंत्री का स्वागत कर रही है।
कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार उनके स्वागत-सत्कार और बिरयानी-कबाब की तैयारी में जुटी है। पार्टी ने इसे देश और देशवासियों के साथ गद्दारी करार देते हुए कहा कि मोदी सरकार को ऐसा नहीं करना चाहिए था। कांग्रेस ने यह भी कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद पर पूरी तरह रोक नहीं लगाता, तब तक उसके साथ किसी तरह की बातचीत नहीं होनी चाहिए।
डॉ. मुसादिक मलिक का भारत दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के संबंधों में भारी तनाव पैदा हो गया था। मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक सैन्य संघर्ष चला था।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए कार्रवाई की थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया था। ऐसे माहौल में करीब तीन साल बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत पहुंचना कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हालांकि, उनके दौरे को लेकर देश में राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है।





