कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट; PM मोदी के विरोध…

Ajay Rai House Arrest: PM मोदी के वाराणसी दौरे और मॉरीशस के प्रधानमंत्री संग होने वाली द्विपक्षीय वार्ता से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस द्वारा मोदी के दौरे का विरोध करने का ऐलान किया गया था.

 

Ajay Rai House Arrest: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को बुधवार देर रात लखनऊ में हाउस अरेस्ट कर लिया गया. लखनऊ के पीजीआई थाना पुलिस ने आलमबाग स्थित उनके आवास पर निगरानी बढ़ा दी है. ऐसा इसलिए क्योंकि पीएम मोदी के काशी दौरे को लेकर अजय राय पहले ही विरोध का ऐलान कर चुके थे.

कांग्रेस नेता अजय राय का कहना था, कि राहुल गांधी का रास्ता रोकने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री के खिलाफ जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. हाउस अरेस्ट होने के बाद सोशल मीडिया पर अजय राय ने सरकार पर हमला बोला है.

उन्होंने पोस्ट लिखा कि पुलिस भेजकर हमें रोकना, कार्यकर्ताओं की आवाज दबाना, ये लड़ाई को रोक नहीं पाएगा. ये वोट चोरों को बचा नहीं पाएगा. कांग्रेस का हर बब्बर शेर कार्यकर्ता गली-गली, गांव गांव से विरोध करेगा और आवाज देगा- मोदी, वोट चोरी बंद करो!

वाराणसी दौरे पर पीएम मोदी:

पीएम मोदी आज बनारस के 52वें दौरे पर पहुंचने वाले हैं. पीएम कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसी दौरान मॉरीशस के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता की प्रस्तावित है. दूसरी ओर कांग्रेस ने इसे सियासी मुद्दा बना लिया है. अजय राय के हाउस अरेस्ट के बाद पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध की आशंका जताई जा रही है.

रायबरेली में हुआ था राहुल गांधी का विरोध:

बुधवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 महीने बाद दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे. उनके पहुंचते ही सियासत भी तेज हो गई.

प्रधानमंत्री की मां को अपशब्द कहे जाने के मुद्दे पर योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने न सिर्फ अपने समर्थकों के साथ राहुल गांधी का काफिला रोका, बल्कि धरने पर भी बैठ गए. इस दौरान ‘राहुल गांधी वापस जाओ’ के नारे भी लगाए गए.

Back to top button