पंजाब चुनाव: यूपी, बिहार के लोगों पर सीएम चन्नी की टिप्पणी पर घिरी कांग्रेस

punjab election

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की यूपी, बिहार और दिल्ली के लोगों को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद छिड़ गया है।

कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी के बगल में खड़े होकर सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा था, ‘एकजुट हो जाओ पंजाबियों। यूपी, बिहार और दिल्ली के भइयों को पंजाब में घुसने नहीं देना है, जो यहां राज करना चाहते हैं।’

इस पर अब भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए यूपी और बिहार के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया है। चन्नी के बयान पर प्रियंका गांधी के हंसने को लेकर भी भाजपा हमलावर है।

बीजेपी आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने चन्नी के बयान का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मंच से पंजाब के मुख्यमंत्री यूपी, बिहार वालों को अपमानित करते हैं और प्रियंका वाड्रा बगल में खड़े हो कर हंस रही है, तालियाँ बजा रही हैं… ऐसे करेगी कांग्रेस यूपी और देश का विकास? लोगों को आपस में लड़ा कर?’ इस दौरान प्रियंका गांधी हंसती हुई दिखती हैं, इस पर भाजपा ने उन पर हमला बोला है।

अरविंद केजरीवाल ने भी कहा, ‘यह बेहद शर्मनाक है। हम किसी समुदाय या व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियों की निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी का भी यूपी से ताल्लुक है। तब तो वह भी भइया हुईं।’

चन्नी के इस बयान से कांग्रेस को शहरी इलाकों में बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है, जहां यूपी और बिहार के प्रवासी लोगों की संख्या काफी अधिक है। इनमें लुधियाना, जालंधर, पठानकोट, मोहाली जैसे इलाके शामिल हैं।

भाजपा, आम आदमी पार्टी इसे भुनाने की कोशिश कर सकती हैं। भाजपा चन्नी की इस टिप्पणी को यूपी चुनाव में भी मुद्दा बना सकती है।

Leave a Reply

Back to top button