DC vs CSK: धोनी ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में 300 शिकार करने वाले पहले विकेटकीपर

DC vs CSK: दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ एमएस धोनी (MS Dhoni) ने आखिरी ओवर में 20 रन कूटे। इस मैंच में धोनी ने चार चौके और तीन छक्कों की बदौलत 16 गेंदों पर 37 रन मारे। विशाखापत्तनम में खेले जा रहे इस मैच में MS Dhoni ने एक और इतिहास रच दिया।

इमेज क्रेडिट-सोशल मीडिया

साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया के ओवर में एमएस धोनी ने दो चौके और दो छक्के लगाए। धोनी ने पहली ही गेंद पर अपनी मंशा जाहिर कर दी थी। मुकेश कुमार की पहली गेंद का सामना करते हुए धोनी ने गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इस दौरान माही का स्ट्राइक रेट 231 का रहा। उनकी इस पारी से लोग उनकी तारीफ़ों के पुल बांध रहे हैं। शिवम दुबे के आउट होने के बाद एमएस धोनी इस सीजन पहली बार बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर आए और छाए भी।

विशाखापत्तनम में खेले जा रहे इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने एक और इतिहास रच दिया। रवींद्र जडेजा की गेंद पर धोनी ने विकेट के पीछे पृथ्वी शॉ का कैच लपका। इसके साथ ही उनके टी20 में 300 शिकार पूरे हुए। धोनी इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले विकेटकीपर बन गए हैं।

धोनी के 300वें शिकार बने पृथ्वी शॉ

धोनी ने टी20 क्रिकेट में अब तक 300 शिकार किए हैं। दिल्ली के ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ टी20 प्रारूप में धोनी के 300वें शिकार बने। टी20 में सर्वाधिक शिकार करने वाले अन्य विकेटकीपर की बात करें तो इस सूची में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के कामरान अकमल हैं। लिस्ट में तीसरे पर दिनेश कार्तिक, चौथे पर दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक और 5वें पर इंग्लैंड के जोस बटलर हैं।

टी-20 में सर्वाधिक शिकार करने वाले विकेटकीपर

300 – महेंद्र सिंह धोनी
274 – कामरान अकमल
274 – दिनेश कार्तिक
270 – क्विंटन डिकॉक
209 – जोस बटलर

टी20 में धोनी का प्रदर्शन

टी20 में धोनी के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले 379 मैच की 331 पारियों में 7271 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 28 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं IPL में माही के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 252 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 38.79 की औसत और 135.92 की स्ट्राइक रेट से 5082 रन बनाए हैं। लीग में धोनी के नाम 24 अर्धशतक है। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 84 रन है। इस सीजन धोनी को दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला है। वह काफी नीचे बल्लेबाजी करने आ रहे हैं।

Back to top button