DC vs SRH: अरूण जेटली स्टेडियम में उतरेगीं दिल्ली कैपिटल्स, सामने सनराइजर्स से कठिन चुनौती

IPL 2024: दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत शानदार फॉर्म में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शनिवार को जब दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी के लिए अरूण जेटली स्टेडियम पर उतरेंगे तो उनके लिए यह बेहद भावुक पल होगा। पिछले साल पंत इस मैदान पर बैसाखियों के सहारे चलते नजर आए थे। उन्होंने 2022 के जानलेवा कार हादसे के बाद से इस मैदान पर कोई मैच नहीं खेला है।

image credit-social media platform

इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स अरुण जेटली स्टेडियम में पहली बार कोई मैच खेलने उतरेगी। हालांकि, एक विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर आईपीएल के इस सत्र में पंत ने शानदार वापसी की है।

दिल्ली ने अब तक मिला जुला प्रदर्शन किया है। लखनऊ सुपर जाएंट्स और गुजरात टाइटंस को हराकर वे दौड़ में बने हुए हैं। अब तक सात मैचों में से दिल्ली ने तीन जीते और चार हारे हैं। आईपीएल अंक तालिका में चौथे स्थान पर काबिज सनराइजर्स की टीम दो बार टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर (तीन विकेट पर 277 रन और तीन विकेट पर 287 रन) बना चुकी है। ऐसे में कप्तान पंत को कोटला की घरेलू पिच पर अपने संसाधनों का चतुराई से इस्तेमाल करना होगा।

सनराइजर्स के ट्रेविस हेड (235 रन ) 39 गेंद में शतक जड़ने का कारनामा कर चुके हैं। वहीं, अभिषेक शर्मा ने भी 211 रन बना लिए हैं। दोनों पावरप्ले में आक्रामक प्रदर्शन करने को बेताब होंगे। दोनों का स्ट्रइक रेट 199 और 197 रहा है जो ईशांत शर्मा, खलील अहमद और मुकेश कुमार की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के लिए कड़ी चुनौती होगा। वहीं, हेनरिच क्लासेन का भी स्ट्राइक रेट 199 के करीब रहा है और वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर्स में से एक हैं। ये तीनों मिलकर सनराइजर्स की बल्लेबाजी को खतरनाक बनाते हैं ।

कुलदीप यादव के रूप में दिल्ली के पास ट्रंपकार्ड है जिनका इकॉनामी रेट छह के करीब है। स्पिन गेंदबाजी में उनका साथ देने के लिए अक्षर पटेल के अलावा तीसरा विकल्प ट्रिस्टन स्टब्स हैं। पंत अगर टॉस जीतते हैं तो बल्लेबाजी चुन सकते हैं। वैसे डेविड वॉर्नर की चोट उनके लिए चिंता का विषय है। हालांकि, जेक फ्रेज मैकगर्क ने वॉर्नर की कमी खलने नहीं दी है और पिछले दो मैचों में काफी प्रभावित किया है।

सनराइजर्स की बल्लेबाजी जहां बेहतरीन रही है, वहीं उसके गेंदबाजों ने निराश किया है। सिर्फ कप्तान पैट कमिंस (7.87) का इकोनॉमी रेट ही आठ से नीचे रहा है जो टी20 क्रिकेट में अच्छा माना जाएगा। जयदेव उनादकट और भुवनेश्वर कुमार महंगे साबित हुए हैं। वहीं स्पिनर मयंक मार्कंडेय और शाहबाज अहमद भी प्रभावित नहीं कर सके। अगर दिल्ली को लक्ष्य का पीछा करना है तो उसकी नजरें सनराइजर्स को कम से कम स्कोर तक रोकने पर होगी।

दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, डेविड वॉर्नर/सुमित कुमार, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, ट्रिस्टन स्टब्स, शाई होप, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार, खलील अहमद। [इम्पैक्ट सब: अभिषेक पोरेल]।

सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, नीतीश रेड्डी, शाहबाज अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी नटराजन। [इम्पैक्ट सब: मयंक मार्कंडेय]।

कब शुरू होगा दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच?
दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। टॉस उससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा।

Back to top button