
Delhi में घट गए 47.56 लाख वोटर… SIR के बाद 1 करोड़ से नीचे आया आंकड़ा
SIR: SIR के पहले चरण में 47 लाख से ज्यादा नाम हटे, 43 लाख अनुपस्थित या दूसरे स्थान पर ट्रांसफर मिले; 2.82 लाख मृतक और 1.41 लाख डुप्लीकेट नाम भी सूची से बाहर
Delhi: दिल्ली में चुनाव आयोग की ओर से कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण के बाद मतदाता सूची में बड़ा बदलाव सामने आया है। राजधानी में मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ से नीचे पहुंच गई है। नई सूची के मुताबिक अब दिल्ली में कुल 97 लाख 53 हजार 577 मतदाता हैं, जबकि पहले यह संख्या 1 करोड़ 45 लाख 10 हजार 299 थी। यानी SIR के पहले चरण में 47 लाख 56 हजार 722 मतदाताओं के नाम सूची से हट गए हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक मतदाता सूची में इतनी बड़ी कमी के पीछे कई वजहें हैं। सबसे बड़ी संख्या उन मतदाताओं की है जो सत्यापन के दौरान अपने पते पर नहीं मिले या अपना वोटर रजिस्ट्रेशन किसी दूसरी जगह स्थानांतरित करा चुके हैं।
43 लाख मतदाता अनुपस्थित या दूसरे स्थान पर ट्रांसफर
आयोग के अनुसार हटाए गए 47.56 लाख नामों में से करीब 43 लाख मतदाता ऐसे पाए गए जो या तो अपने पते पर अनुपस्थित थे या उन्होंने अपना वोट किसी दूसरी जगह ट्रांसफर करा लिया था। इसके अलावा करीब 1.41 लाख मतदाताओं के नाम डुप्लीकेट पाए गए। यानी इन लोगों का नाम एक से अधिक स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज था।
वहीं, सत्यापन के दौरान 2 लाख 82 हजार 412 मतदाताओं की मृत्यु होने की जानकारी सामने आई। ऐसे नामों को भी मतदाता सूची से हटा दिया गया है।
गैरहाजिर मतदाताओं के घर तीन बार पहुंचे BLO
SIR की प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) ने मतदाताओं के रिकॉर्ड का सत्यापन किया। बताया गया कि जो मतदाता अपने पते पर नहीं मिले, उनके घर BLO एक बार नहीं बल्कि तीन बार तक पहुंचे। इसके बाद ही ऐसे नामों को मतदाता सूची से हटाने की सिफारिश की गई।
आयोग का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेट करना है, ताकि डुप्लीकेट, मृतक या दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें।
यह भी पढ़ें…
दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप, स्लीपर बस के अंदर 47KM तक हैवानियत
13 हजार से ज्यादा BLO ने संभाली जिम्मेदारी
दिल्ली में SIR की प्रक्रिया के लिए करीब 13 हजार बूथ लेवल ऑफिसरों को लगाया गया था। राजनीतिक दलों की ओर से भी बड़ी संख्या में बूथ लेवल एजेंट तैनात किए गए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी के 9,462, बीजेपी के 12,788 और कांग्रेस के 10,772 BLA प्रक्रिया में शामिल रहे।
बढ़ाए गए मतदान केंद्र
मतदाता सूची के पुनरीक्षण के साथ दिल्ली में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। राजधानी में पहले 13,033 मतदान केंद्र थे, जिन्हें बढ़ाकर अब 14,947 कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें…
बारिश से बेहाल दिल्ली! एयरपोर्ट पर 18 फ्लाइट रद्द, 146 में देरी; कई सड़कें जलमग्न
दिल्ली में अब कितने मतदाता?
SIR के पहले चरण के बाद दिल्ली में कुल 97,53,577 मतदाता हैं। इनमें 47,64,137 महिला मतदाता, 49,88,993 पुरुष मतदाता और 447 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को जारी की जाएगी। ऐसे में अंतिम सूची आने तक मतदाताओं की संख्या में कुछ और बदलाव संभव है। आयोग की इस कवायद के बाद दिल्ली की मतदाता सूची पहले के मुकाबले काफी छोटी हो गई है और राजधानी में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या पहली बार 1 करोड़ के आंकड़े से नीचे आ गई है।
यह भी पढ़ें…





