
मिठास के बीच ऐसे रखें सेहत का ख्याल, जानिए न्यूट्रिशनिस्ट शशि सिंह की जरूरी सलाह
Diwali Health Care Tips: रोशनी और खुशियों के पावन पर्व दिवाली (Diwali) का हर किसी को बेसब्री से इंतजार रहता है। साल के इस सबसे बड़े त्योहार पर न केवल घरों को सजाया जाता है, बल्कि परिवार और रिश्तेदारों के साथ मिलकर जश्न मनाने का अनूठा मौका मिलता है। त्योहारों के इस उल्लास में घरों में तरह-तरह के लजीज पकवान, मिठाइयां और स्नैक्स बनते हैं। ऐसे में स्वाद के चक्कर में अक्सर लोग अपनी को भूल जाते हैं और क्षमता से अधिक खा लेते हैं।
केजीएमयू की पूर्व आहार विशेषज्ञ और न्यूट्रिशनिस्ट शशि सिंह के अनुसार, थोड़ी सी सावधानी अपनाकर आप बिना बीमार पड़े त्योहार के स्वादिष्ट व्यंजन का भरपूर आनंद उठा सकते हैं। आइए जानते हैं कि दिवाली के इन दिनों में आप और आपका परिवार अपनी सेहत को कैसे सुरक्षित रख सकता है।
हेल्दी सामग्री से घर पर बनाएं मिठाइयां
यदि आपके घर में त्योहार पर मिठाइयां बन रही हैं, तो सामग्री का चुनाव बहुत सोच-समझकर करें। ऐसी सामग्रियों का इस्तेमाल करें जिनमें फैट और रिफाइंड शुगर की मात्रा कम हो। इसके अलावा, यदि आप मीठे के बहुत शौकीन हैं, तो पारंपरिक चीनी वाली मिठाइयों की जगह ताजे फल (Fruits) और सूखे मेवे (Dry Fruits) को अपनी डाइट में शामिल करें, जो स्वाद के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं।
एक्सरसाइज को रखें जारी
त्योहारों के दौरान अनियंत्रित खानपान से वजन बढ़ने का खतरा रहता है। इससे बचने के लिए दिवाली से कुछ दिन पहले से ही हल्का व्यायाम, योग या वॉक करना शुरू कर दें, ताकि यदि त्योहार के दिन आप थोड़ा ज्यादा खा भी लें, तो आपका वजन और कैलोरी इंटेक नियंत्रित रहे।
लो-फैट डेयरी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल
त्योहारी सीजन में दूध, मावा और पनीर की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करने के बजाय लो-फैड (Low Fat) दूध और उससे बने उत्पादों का चयन करें। यह आपके शरीर में अनचाही चर्बी और कोलेस्ट्रॉल को बढ़ने से रोकता है।
चीनी और नमक का रखें सीमित सेवन
भोजन में अतिरिक्त चीनी और नमक के इस्तेमाल से बचें। ज्यादा सोडियम या शुगर का सेवन करने से शरीर में सूजन (Water Retention), सुस्ती और अन्य मेटाबोलिक बीमारियां हो सकती हैं। मिठाइयों में नेचुरल स्वीटनर या गुड़ का इस्तेमाल बेहतर विकल्प माना जाता है।
शरीर को रखें हाइड्रेट
त्योहारों की भागदौड़ के बीच अपने शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। भरपूर मात्रा में पानी पिएं और ताजे फलों के जूस का सेवन करें। इसके अलावा, नींबू-पानी या छाछ पीने की कोशिश करें, क्योंकि यह पाचन क्रिया (Digestion) को दुरुस्त रखने में मदद करता है।
सूप या छाछ से करें खाने की शुरुआत
किसी भी दावत या पार्टी में खाने की शुरुआत सीधे भारी-भरकम व्यंजनों से करने के बजाय वेजिटेबल सूप, छाछ या लाइम वाटर से करें। इससे पेट भरा हुआ महसूस होता है और आप अधिक खाने (Overeating) से बच जाते हैं।
हरी सब्जियों को दें प्राथमिकता
अपनी डाइट में डाइटरी फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करें। इसके साथ ही, खाने में हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन बढ़ा दें। फाइबर पाचन को सुधारता है और ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखता है।
तली-भुनी चीजों से बनाएं दूरी
बाजार में मिलने वाली अत्यधिक तली-भुनी और मसालेदार चीजों से परहेज करें। अगर आप मिठाई खाना ही चाहते हैं, तो लो-कैलोरी विकल्पों को चुनें। आप बेसन के लड्डू, नारियल के लड्डू या सीमित मात्रा में मूंग दाल के हलवे का आनंद ले सकते हैं।
भारी भोजन करने से बचें
अक्सर लोग त्योहारों पर एक ही समय में बहुत अधिक हेवी डाइट ले लेते हैं, जिससे अपच और एसिडिटी की समस्या हो जाती है। यह गलती करने से बचें। इसके बजाय, पूरे दिन में थोड़ा-थोड़ा अंतराल देकर कई बार संतुलित आहार लें, जिससे पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।





