CM योगी की PRD जवानों को डबल सौगात, बढ़ा ड्यूटी भत्ता, मुफ्त इलाज की सुविधा

PRD: पीआरडी जवानों को अब मिलेगा ₹600 दैनिक ड्यूटी भत्ता, परिवार समेत हर साल ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा

Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। गोरखपुर में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने दैनिक ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600 करने का ऐलान किया। इसके साथ ही जवानों और उनके परिवार के लिए हर साल ₹5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत की गई।

योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए और ‘मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना से जवानों को इलाज के खर्च को लेकर बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


चौथी बार बढ़ाया गया ड्यूटी भत्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यकाल में PRD जवानों के ड्यूटी भत्ते में चौथी बार बढ़ोतरी की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 तक PRD स्वयंसेवकों को ₹250 प्रतिदिन का ड्यूटी भत्ता मिलता था।

2019 में सरकार ने इसे बढ़ाकर ₹375 किया। इसके बाद 2022 में भत्ता बढ़ाकर ₹395 प्रतिदिन किया गया। वर्ष 2025 में इसे बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन कर दिया गया था।

अब मुख्यमंत्री ने इसमें एक बार फिर ₹100 की बढ़ोतरी करते हुए इसे ₹600 प्रतिदिन करने का ऐलान किया है।

75 साल में ₹250, 8 साल में ₹600
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि PRD संगठन की स्थापना वर्ष 1948 में हुई थी। लंबे समय तक जवानों को मिलने वाला दैनिक भत्ता काफी कम रहा। उन्होंने कहा कि करीब 75 वर्षों में यह भत्ता ₹250 तक पहुंचा था, जबकि पिछले कुछ वर्षों में इसे ₹250 से बढ़ाकर ₹600 किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इसे PRD स्वयंसेवकों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता बताते हुए कहा कि जवानों की जिम्मेदारियों और सेवाओं को देखते हुए उनकी सुविधाओं में लगातार वृद्धि की जा रही है।


परिवार समेत ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज
ड्यूटी भत्ता बढ़ाने के साथ मुख्यमंत्री ने PRD जवानों के लिए स्वास्थ्य सुविधा का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत जवानों को सपरिवार हर वर्ष ₹5 लाख तक के मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए। इससे इलाज के समय जवानों और उनके परिवारों पर तत्काल आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें…

आजादी के बाद BJP की यह पहली निकम्मी सरकार:स्वामी प्रसाद मौर्य 

लखनऊ में बनेगा बहुमंजिला PRD बैरक
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का भी शिलान्यास किया। करीब ₹23 करोड़ की लागत से बनने वाली इस बहुमंजिला बैरक का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर किया।

सरकार का कहना है कि इससे PRD जवानों के लिए बेहतर आवासीय और बुनियादी सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें…

शिवसेना के पूर्व विधायक पवन पाण्डेय 27 वर्ष बाद बरी

PRD जवानों की भूमिका पर CM का जोर
PRD स्वयंसेवक प्रदेश में कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, विभिन्न आयोजनों और प्रशासनिक जरूरतों के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सरकार की ओर से भत्ते और स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी को जवानों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गोरखपुर में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने PRD जवानों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।

यह भी पढ़ें…

UP में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने बढ़ाया मानदेय

Back to top button