NCERT ने बनाई नई टीम, बदलेंगी 11वीं-12वीं की Political Science की किताबें

NCERT की अधिसूचना के अनुसार, कक्षा 11 की नई राजनीति विज्ञान की पुस्तक 30 नवंबर तक और कक्षा 12 की पुस्तक 30 जुलाई 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

NCERT Political Science Textbook: राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने कक्षा 11 और 12 की पॉलिटिकल साइंस की नई पाठ्यपुस्तकें तैयार करने के लिए 20 सदस्यीय टेक्स्टबुक डेवलपमेंट टीम (TDT) का पुनर्गठन किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस कदम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क फॉर स्कूल एजुकेशन (NCF-SE) 2023 के तहत भारतीय ज्ञान प्रणाली (Indian Knowledge Systems) और सांस्कृतिक जुड़ाव को पाठ्यक्रम में मजबूती से शामिल करना है।

विशेषज्ञों की टीम 

नई पाठ्यपुस्तक विकास टीम का नेतृत्व निट्टे विश्वविद्यालय (कर्नाटक) के वाइस प्रेसिडेंट एवं राजनीतिक विश्लेषक संदीप शास्त्री करेंगे। इस 20 सदस्यीय समिति में जेएनयू, दिल्ली विश्वविद्यालय, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (दिल्ली), इग्नू, जिंदल ग्लोबल लॉ स्कूल और पांडिचेरी यूनिवर्सिटी जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के शिक्षाविद और स्कूल शिक्षक शामिल हैं।

इसके अलावा एनसीईआरटी के अधिकारी वंथंगपुई खोबुंग को सदस्य समन्वयक और सुभाष सिंह को सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है।

इन विषयों पर रहेगा विशेष ध्यान

एनसीईआरटी द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, नई किताबों की समीक्षा और विकास में कई क्रॉस-कटिंग थीम्स (क्रॉस-विषय) को प्राथमिकता दी जाएगी। जिसमे भारतीय मूल्यों और संस्कृति से जुड़ाव।

पारंपरिक ज्ञान और भारतीय राजनीतिक संदर्भों का समावेश। इक्विटी, इंक्लूजन, शैक्षिक प्रौद्योगिकी (ICT) और मूल्यांकन में आधुनिक दृष्टिकोण। सामाजिक विज्ञान, पर्यावरण शिक्षा और अन्य भाषाई दृष्टिकोणों के साथ विषयों का बेहतर तालमेल।

छात्रों के लिए क्या बदलेगा?

नई पुस्तकों के लागू होने के बाद 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को राजनीति विज्ञान के सिद्धांतों को वैश्विक संदर्भ के साथ-साथ भारतीय परिवेश और ऐतिहासिक संदर्भों से जोड़कर पढ़ने का मौका मिलेगा। इससे छात्रों में विषय की समझ अधिक व्यावहारिक और बहुआयामी बनेगी। हालांकि, कौन से अध्याय जोड़े या हटाए जाएंगे, इसकी विस्तृत जानकारी ड्राफ्ट फाइनल होने के बाद ही सामने आएगी।

Back to top button