दिवाली पर UP वासियों को बड़ी सौगात; 12 नए शहरों में शुरू होगी ‘भारत टैक्सी’ सेवा

UP Govt Bharat Taxi: आगामी नवरात्र और दिवाली के त्योहारी सीजन में उत्तर प्रदेश के निवासियों को सुगम, सुरक्षित और सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य की योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वर्तमान में लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज में सफलतापूर्वक संचालित हो रही सहकारिता आधारित ‘भारत टैक्सी’ (Bharat Taxi) सेवा का विस्तार अब प्रदेश के छोटे और मध्यम श्रेणी के शहरों की ओर किया जा रहा है।

आगामी एक महीने के भीतर राज्य के 12 और प्रमुख शहरों में मोबाइल ऐप आधारित यह टैक्सी सेवा शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है।

नवरात्र से पहले इन शहरों में शुरुआत

त्योहारी सीजन में बाजारों, मंदिरों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रथम चरण के तहत अयोध्या, आगरा और मेरठ के निवासियों को नवरात्र से ठीक पहले इस सुविधा से जोड़ दिया जाएगा। इन शहरों में ग्राउंड ऑनबोर्डिंग और चालकों के पंजीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है।

धार्मिक और पर्यटन के दृष्टिकोण से अयोध्या और आगरा जैसे प्रमुख केंद्रों में श्रद्धालुओं और विदेशी पर्यटकों की भारी आवाजाही रहती है, जिसे देखते हुए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर नेटवर्क में शामिल किया गया है।

इसके बाद अगले चरण में फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हापुड़, सीतापुर, हाथरस, इटावा, मिर्जापुर और रायबरेली में भी भारत टैक्सी के पहिए दौड़ते नजर आएंगे। इन सभी जिलों में स्थानीय वाहन चालकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया काफी तेज कर दी गई है।

नेटवर्क से जुड़े 50 हजार से अधिक चालक

भारत टैक्सी के इस डिजिटल नेटवर्क में अब तक प्रदेश भर से 50 हजार से अधिक चालक जुड़ चुके हैं। नए शहरों में ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया शुरू होने के बाद इस संख्या में और अधिक बढ़ोतरी की उम्मीद है।

इस योजना का मुख्य फोकस केवल चार पहिया (टैक्सी) गाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें टू-व्हीलर (बाइक) और थ्री-व्हीलर (ऑटो) चालकों को भी विशेष रूप से शामिल किया जा रहा है। इससे यात्रियों को कम दूरी के सफर के लिए किफायती विकल्प मिलेंगे, वहीं स्थानीय बाइक व ऑटो चालकों को भी डिजिटल माध्यम से सवारी पाने के नए अवसर प्राप्त होंगे।

ये भी पढ़े-अक्षय पात्र ने मॉल ब्लॉक में भी शुरू किया पंद्रह हजार बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन

यात्रियों को मिलेगी राहत

उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के अनुसार, अक्टूबर में नवरात्र और इसके बाद दिवाली के दौरान शहरों के प्रमुख वाणिज्यिक और धार्मिक स्थलों पर यात्रियों का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता है। इसी दबाव को नियंत्रित करने और आम जनता को मनमाने किराए से राहत दिलाने के लिए नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।

पहले चरण के पांच बड़े महानगरों के बाद अब 12 नए शहरों के जुड़ने से प्रदेश में ऐप आधारित स्थानीय परिवहन व्यवस्था का दायरा काफी मजबूत हो जाएगा।

ये भी पढ़े-नोएडा सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूदा शख्स, मौत से मचा हड़कंप; VIDEO आया सामने…

Back to top button