उप्र: गोंडा में सिलिंडर ब्लास्ट के बाद जमींदोज हुए दो मकान, आठ की मौत; सात घायल

गोंडा में सिलिंडर ब्लास्ट के बाद जमींदोज हुए दो मकान

गोंडा (उप्र)। उप्र के गोंडा जनपद में बीती रात सिलिंडर ब्लास्ट के बाद दो मकानों के गिर जाने से आठ लोगों की मौत हो गई और सात घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना जनपद के वजीरगंज थानाक्षेत्र के टीकरी गांव की है।

जानकारी के अनुसार गांव में रात को सिलिंडर ब्लास्ट होने के बाद अगल-बगल के दो मकान ढह गए। घटनास्थल से 14 लोगों को अस्पताल लाया गया जहां सात को मृत घोषित कर दिया गया।

बाद में मलबे से एक शव और मिला। मरने वालों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष और एक किशोर शामिल है। रात में मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव की टीम के साथ मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

एसपी के मुताबिक स्थानीय लोगों की मदद से कुल 14 लोगों को मलबे के नीचे से निकाला गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। राहत और बचाव कार्य जारी हैं। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई है। 

सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तेजी से राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी को दुर्घटना के कारणों की जांच कराकर आख्या उपलब्ध कराने के लिए भी आदेशित किया है।

Back to top button