
UP पुलिस के एंथम पर अमिताभ बच्चन ने जताया गर्व, शेयर किया वीडियो
UP Police Anthem Khaki Ka Sitara: उत्तर प्रदेश पुलिस का पहला आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ रिलीज़ होने के बाद लगातार चर्चा में है। 6.5 मिनट लंबे इस विशेष म्यूजिक वीडियो की बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ की है। बिग बी ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एंथम का वीडियो शेयर करते हुए पुलिस जवानों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
अमिताभ बच्चन ने पोस्ट में क्या लिखा?
उत्तर प्रदेश पुलिस के इस एंथम को री-पोस्ट करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनकर ज़मीन पर। खाकी का सितारा अमिताभ बच्चन की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस उनके इस भावुक और प्रेरणादायक संदेश की सराहना कर रहे हैं।
T 5827(i) – कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ ख़ाकी पहनकर ज़मीन पर। ख़ाकी का सितारा⭐ https://t.co/jNlC2c1NjA
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) August 17, 2026
‘खाकी का सितारा’ में दिग्गजों का योगदान
इस एंथम को तैयार करने में कई जानी-मानी हस्तियों ने अपना योगदान दिया है. पद्मश्री शंकर महादेवन ने इसे संगीतमय बनाने के साथ-साथ अपनी आवाज दी है। इस गान में अमिताभ बच्चन का विशेष नरेशन (वॉइस ओवर) भी शामिल है। एंथम के बोल प्रसिद्ध कवि और गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने लिखे हैं। वीडियो में अभिनेता करण आनंद एक पुलिस अधिकारी के मुख्य किरदार में नज़र आ रहे हैं।
एक साल से अधिक समय में तैयार हुआ वीडियो
‘खाकी का सितारा’ केवल एक म्यूजिक वीडियो नहीं है, बल्कि यह यूपी पुलिस के काम करने की शैली, चुनौतियों और मानवीय संवेदनाओं का लेखा-जोखा है। यूपी पुलिस के अनुसार, इस वीडियो की शूटिंग एक साल से अधिक समय तक चली। इसे महाकुंभ 2025 के आयोजन से लेकर स्वतंत्रता दिवस 2026 तक अलग-अलग अवसरों पर शूट किया गया।
इसमें कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, महिला सुरक्षा, साइबर और तकनीकी पुलिसिंग, आपदा प्रबंधन और सार्वजनिक सेवा के दृश्यों को बखूबी दर्शाया गया है। वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि पुलिसकर्मी त्योहारों पर अपने परिवारों से दूर रहकर कैसे समाज की सुरक्षा में डटे रहते हैं।





