
Indias got latent 2 पर फिर बढ़ा विवाद, मुकेश छाबड़ा और Netflix के खिलाफ FIR
Indias Got Latent 2: कॉमेडियन समय रैना का चर्चित अनस्क्रिप्टेड कॉमेडी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट‘ का दूसरा सीजन एक बार फिर विवादों में घिर गया है। शो के हालिया एपिसोड में कथित तौर पर अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में बॉलीवुड के मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता अनुराग श्रीवास्तव ने इस मामले को दर्शकों की गरिमा और इंटरनेट पर परोसी जा रही सामग्री से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शो देखते समय दर्ज कराई शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि वह 22 सितंबर की शाम मुंबई के एक होटल में अपने लैपटॉप पर नेटफ्लिक्स पर ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का नया एपिसोड देख रहे थे। इस एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी, मशहूर यूट्यूबर व अभिनेता भुवन बाम, कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और स्टैंडअप कॉमेडियन कौस्तुभ अग्रवाल पैनलिस्ट के तौर पर शामिल थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शो के दौरान मुकेश छाबड़ा ने अत्यंत आपत्तिजनक, अश्लील और यौन रूप से संकेत देने वाली भाषा का प्रयोग किया, जो जनसाधारण के बीच प्रसारित करने योग्य नहीं है।
कंटेंट हेड की भूमिका पर भी सवाल
दर्ज कराई गई शिकायत में केवल मुकेश छाबड़ा ही नहीं, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया की समीक्षा प्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने कहा कि बिना किसी सेंसरशिप या संपादन के इस तरह की अमर्यादित सामग्री को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाने की अनुमति कैसे दी गई। इसके साथ ही नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट चीफ मोनिका शेरगिल की भूमिका और मंच की कंटेंट अप्रूवल प्रक्रिया की विस्तृत जांच करने की अपील भी की गई है।
पहले सीजन में भी मचा था बवाल
यह पहली बार नहीं है जब समय रैना का यह शो विवादों की वजह से सुर्खियों में आया हो। इससे पहले फरवरी 2025 में शो के पहले सीजन के दौरान लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया द्वारा माता-पिता और सेक्स से जुड़े विवादित चुटकुलों पर भारी बवाल मचा था।
उस समय भी मामले ने कानूनी रुख इख्तियार किया था और सोशल मीडिया पर शो को बैन करने की मांग उठी थी। अब दूसरे सीजन में मुकेश छाबड़ा के कथित बयान को लेकर उठा यह नया विवाद शो की स्ट्रीमिंग और मेकर्स के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।





