यूरोप में कोरोना की तीसरी लहर, भारत में एक माह में दोगुने हुए नए मरीज

कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

नई दिल्ली। पूरी दुनिया कोरोना महामारी का कोप झेलते हुए एक साल से अधिक का समय हो चुका है। कोरोना महामारी की सबसे अधिक मार यूरोपीय देशों ने झेली है। अब एक बार फिर यूरोप में कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक दी है।

एक बार फिर कोरोना संक्रमण के तेजी से फैलने के चलते यूरोप में लॉकडाउन लगाया जा सकता है। वहीं भारत में कोरोना नियंत्रण में आने के बाद एक फिर बेकाबू हो गया है। देश में एक माह में नए मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में लॉकडाउन की स्थिति बन रही है। 

यूरोपीय देशों में एक बार फिर पाबंदियां बढ़ीं

यूरोपीय देश इटली, फ्रांस, जर्मनी, पोलैंड और बेल्जियम सहित यूरोप में कोरोना के नए मामले तेजी से बढ़े हैं। इन देशों में इस समय इंफेक्शन रेट उच्चतम स्तर पर है। यूरोप में पिछले सप्ताह आठ लाख नए मामले आए हैं। यह पिछले सप्ताह के मुकाबले 5.8 फीसदी ज्यादा है।

इसके लिए कोरोना के नए वेरिएंट को जिम्मेदार माना जा रहा है। संक्रमण के मामले बढ़ते देख ज्यादातर देशों ने लॉकडाउन और प्रतिबंधों को बढ़ाना शुरू कर दिया है। चिकित्सकों का कहना है कि अगर कोरोना की तीसरी लहर से बचना है, तो फिर से लॉकडाउन लगाना होगा।

फ्रांस: हर 12वें मिनट आईसीयू में भर्ती हो रहा एक मरीज

फ्रांस में दिसंबर, 2020 में तेजी से कोरोना केस घटे थे, लेकिन जनवरी के बाद इसमें बेतहाशा वृद्धि हुई है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि राजधानी पेरिस में आईसीयू लगभग फुल हो गए हैं।

इटली में फिर लॉकडाउन

इटली में सोमवार से लगभग पूरे देश में लॉकडाउन लगा दिया गया है। सिर्फ जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकलने की छूट है। पिछले सप्ताह इटली में रोजाना 25 हजार से ज्यादा केस मिल रहे थे।

भारत में कहीं नाइट कर्फ्यू, तो कहीं लॉकडाउन 

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्यों ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने 31 मार्च तक होटल, रेस्त्रां, सिनेमा हॉल और दफ्तरों को 50 फीसदी क्षमता के साथ चलाने के आदेश दिए हैं।

साथ ही शादी में अधिकतम 50 और अंतिम संस्कार में 20 लोग ही शामिल हो सकेंगे। नागपुर में भी सोमवार से 21 मार्च तक के लिए लॉकडाउन लग गया है। वहीं कई जिलों में नाइट कर्फ्यू जारी है।

पीएम मोदी कल मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे बैठक 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना के बढ़ते मामलों पर बुधवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्रियों से वर्चुअल चर्चा करेंगे।

टी-20 : बिना दर्शकों के खेले जाएंगे  

कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के चलते अहमदाबाद में भारत-इंग्लैंड के शेष तीन टी-20 मैच अब बिना दर्शकों के खेले जाएंगे।

पंजाब में परीक्षाएं स्थगित 

पंजाब में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा है। राज्य में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने के बाद पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं एक माह के लिए स्थगित कर दी है। नई डेटशीट के मुताबिक, 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल से शुरू होगी। जबकि, 10वीं कक्षा की परीक्षाएं चार मई से आयोजित होंगी।

मप्र : महाराष्ट्र से सटे जिलों के लिए विशेष दिशा-निर्देश 

 मप्र में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश सरकार ने महाराष्ट्र से लगे सीमावर्ती जिलों के प्रशासन को सलाह दी है कि वह पड़ोसी राज्य से आने वाले यात्रियों की पहचान कर उन्हें एहतियात के तौर पर एक सप्ताह के लिए पृथकवास में रखे।

आदेश में यह भी कहा किया है कि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से की जानी चाहिए। साथ ही दुकानों पर सामाजिक दूरी और लोगों व कर्मचारियों के लिये मास्क अनिवार्य रूप से पहनने की भी निर्देश दिए गए हैं। 

Back to top button