पेट्रोल पंप के अंदर बने रेस्टोरेंट में लगी आग, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के खुर्रम नगर इलाके में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पेट्रोल पंप परिसर में संचालित रेस्टोरेंट में अचानक तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में करीब 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने से पहले रेस्टोरेंट के एयर कंडीशनर (AC) के कंप्रेसर में तेज धमाका हुआ। धमाके के तुरंत बाद आग ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते धुएं का गुबार और ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया।

पेट्रोल पंप परिसर में चल रहा था रेस्टोरेंट
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस परिसर में आग लगी, वहां पेट्रोल पंप के भीतर ही रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा था। घटना के बाद इस बात को लेकर भी सवाल उठने लगे कि पेट्रोल पंप परिसर में इस तरह का व्यावसायिक प्रतिष्ठान किस अनुमति के आधार पर संचालित हो रहा था। मामले की जांच के दौरान संबंधित विभाग इस पहलू की भी पड़ताल कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें…

राम मंदिर चोरी मामले पर सियासत तेज, कांग्रेस ने भाजपा सरकार से मांगा जवाब…

बड़ा हादसा टला
आग जिस स्थान पर लगी, उसके पास पेट्रोल और डीजल के भंडारण की व्यवस्था होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील थी। समय रहते दमकल कर्मियों की कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पेट्रोल पंप के मुख्य हिस्से तक पहुंच जाती तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।

यह भी पढ़ें…

लखनऊ में सजा 800 किस्मों के आमों का मेला, CM योगी ने किया मैंगो फेस्टिवल का शुभारंभ

जांच में जुटे अधिकारी
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में AC के कंप्रेसर में विस्फोट को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि अधिकारी तकनीकी जांच के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि करेंगे। घटना में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें…

Haldiram के नाम पर साइबर ठगी, बिजनेस ऑफर देकर युवक से ऐंठे मोटी रकम

Back to top button