
यमुना एक्सप्रेस-वे पर निजी स्लीपर AC बस में लगी आग, नौ यात्री जिंदा जले
Yamuna Expressway Bus Fire: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नोएडा से महोबा जा रही एक प्राइवेट स्लीपर एसी बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर 9 यात्रियों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।
बस में कुल 35 यात्री सवार थे। आग की लपटों और दमघोंटू धुएं के बीच कई मुसाफिरों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। यमुना एक्सप्रेस-वे के जेवर टोल प्लाजा और फलैदा कट के बीच हुआ।
बचाव अभियान: सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेस-वे की पेट्रोलिंग टीम, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरी बस जलकर कंकाल बन चुकी थी।
#BusFire
🔥 नोएडा में स्लीपर बस में भीषण आग🔴यमुना एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी स्लीपर बस में आग लगने से 9 लोगों की मौत की खबर है।
🔴हादसे से बचकर निकले यात्रियों ने बताया खौफनाक मंजर, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका।🎥 हादसे का डरावना वीडियो भी सामने आया।#Noida… pic.twitter.com/SJFD4uAkR1
— Live New India (@livenewindia01) September 24, 2026
मृतकों की शिनाख्त जारी: आग इतनी भीषण थी कि अंदर फंसे 9 यात्रियों को निकलने का मौका तक नहीं मिला। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
आग की भयावहता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर जेवर टोल और फलैदा कट पर करीब 20 मिनट तक ट्रैफिक रोक दिया गया था, जिसे आग बुझने के बाद सुचारू किया गया।
चश्मदीदों की जुबानी: ‘धुएं से घुट रहा था दम, ड्राइवर के केबिन से भड़की थी आग हादसे में बाल-बाल बचे यात्रियों ने उस खौफनाक मंज़र को बयां किया। रात में जब सब सो रहे थे, तभी आग लगने का शोर हुआ। बस खचाखच भरी हुई थी। चारों तरफ धुआं भरने से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था और वहां से निकलना बेहद मुश्किल था।
घबराहट और हड़बड़ी के बीच हम किसी तरह खिड़की के रास्ते बाहर निकल पाए।”फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग लगने के तकनीकी कारणों (शॉर्ट सर्किट या अन्य खामी) की जांच कर रही है।
सीएम योगी ने जताया दुख: यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस दुखद हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम योगी ने वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 24, 2026
इसके साथ ही घायलों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों को उनके त्वरित और बेहतर इलाज के सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण।





