China में मरम्मत के दौरान जहाज में भड़की आग, 20 लोगों की गई जान…

Ship Fire Accident: चीन के किंगदाओ में मरम्मत के लिए खड़े लाइबेरिया के झंडे वाले मालवाहक जहाज में आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग अब भी लापता हैं।

Beijing: चीन के किंगदाओ शहर में गुरुवार को एक विदेशी मालवाहक जहाज में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जहाज उस समय बेइहाई शिपयार्ड में मरम्मत के लिए खड़ा था। आग लगने की घटना में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के वक्त जहाज पर कुल 42 लोग मौजूद थे।

मरम्मत के दौरान अचानक भड़की आग
न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, आग सुबह करीब 11 बजे बेइहाई शिपयार्ड में लगी। उस समय जहाज पर मरम्मत का काम चल रहा था। अचानक आग भड़कने के बाद जहाज पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 2:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, तब तक हादसा काफी बड़ा रूप ले चुका था।

12 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
हादसे के समय जहाज पर मौजूद 42 लोगों में से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

वहीं, पांच लोग अभी भी लापता हैं। बचाव दल उनकी तलाश में जुटा हुआ है। आग लगने की वजह अभी तक सामने नहीं आई है और संबंधित एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं।

यह भी पढ़ें…

हूतियों ने मोचा पर जमाया कब्जा? बाब-अल-मंदेब के बेहद करीब पहुंचा ईरान समर्थित गुट

शी जिनपिंग ने दिए बचाव अभियान तेज करने के निर्देश
हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और घटना की पूरी जांच करने को कहा है।

शी जिनपिंग ने अधिकारियों को भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा करने का भी निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें…

Xi Jinping का भारत दौरा तय, गलवान के बाद पहली बड़ी मुलाकात पर नजर…

प्रधानमंत्री ली च्यांग ने घायलों के इलाज पर दिया जोर
चीन के प्रधानमंत्री ली च्यांग ने भी राहत और बचाव अभियान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जहाज में फंसे लोगों को जल्द बाहर निकालने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

फिलहाल बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों की नजर लापता लोगों की तलाश के साथ-साथ इस बात पर भी है कि जहाज में आग आखिर किस वजह से लगी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की तस्वीर साफ हो सकेगी।

यह भी पढ़ें…

ट्रंप का वादा: हम लौटे तो हर वयस्क को मिलेंगे 5,000 डॉलर

Back to top button