पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार, दुष्कर्म के आरोपी सांसद को सहयोग देने का चार्ज

पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर

लखनऊ। पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को हजरतगंज पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ हजरतगंज थाने में शुक्रवार दोपहर को मुकदमा दर्ज किया गया। जिसमें आरोप है कि उन्होंने दुष्कर्म पीड़िता को खुदकुशी के लिए उकसाया है व इसकी साजिश रची।

मुकदमा एसएसआई दयाशंकर द्विवेदी की तहरीर पर दर्ज किया गया है। अपनी गिरफ्तारी की सूचना खुद पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने ट्वीट कर दी है।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा करने के बाद अमिताभ ठाकुर को 21 अगस्त से हाउस अरेस्ट कर दिया गया था। 21 अगस्त को वह गोरखपुर और अयोध्या के दौरे पर जाने वाले थे।

तब से आज शुक्रवार तक वह पुलिस की निगरानी में थे। पुलिस ने उस दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था का हवाला देकर नजरबंद किया था। इसके बाद उनसे कई बार इस मामले में पूछताछ भी हो चुकी है।

शुक्रवार को उनके खिलाफ हजरतगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। जिसके बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। अमिताभ ठाकुर पर दुष्कर्म के आरोपी बसपा सांसद अतुल राय का सहयोग करने का आरोप है।

वीडियो बनाने के बाद लगाई थी आग

दुष्कर्म पीड़िता और उसके दोस्त मुकदमे के गवाह सत्यम राय ने सुप्रीम कोर्ट के बाहर 16 अगस्त को वीडियो बनाया, जिसमें अमिताभ ठाकुर पर आरोप लगाया था।

इसके बाद दोनों ने आत्मदाह कर लिया, गंभीर हालत में अस्पताल में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां 21 मई को गवाह सत्यम राय और 25 मई को दुष्कर्म पीड़िता की मौत हो गई।

वीडियो में दोनों ने कहा था कि वे सरकारी तंत्र से प्रताड़ित होने के बाद बुरी तरह से निराश हो चुके हैं। सांसद अतुल राय ने अपने रसूख का इस्तेमाल करते हुए उन्हें खूब प्रताड़ित किया।

पुलिस और जजों की मिलीभगत से उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसी वजह से वह और उसके साथ हुई घटना का गवाह आत्मदाह के लिए मजबूर हुए हैं।

पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर पर आरोप

पूर्व आईपीएस पर हजरतगंज थाने में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया। जिसमें आरोप लगाया कि 10 नवंबर 2020 को पीड़िता द्वारा एक प्रार्थना पत्र एसएसपी वाराणसी को दिया गया था।

जिसमें अमिताभ ठाकुर द्वारा आरोपी बसपा सांसद अतुल राय से रुपये लेकर न्यायालय के लिए झूठे साक्ष्य तैयार किये जा रहे हैं।

साथ ही पीड़िता को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उसे आत्मदाह के लिए उकसाया जा रहा है। सांसद व पूर्व आईपीएस मानसिक व शारीरिक यातनाएं दे रहे हैं।

Back to top button