मुलायम सिंह के साढ़ू व कांग्रेस की पोस्टर गर्ल सहित कईयों ने ज्वाइन की भाजपा

प्रमोद कुमार गुप्ता व कांग्रेस की पोस्टर गर्ल डा. प्रियंका मौर्या

लखनऊ। भाजपा ने सपा के संस्थापक परिवार में बड़ी सेंध लगा दी है। उप्र विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान से पहले कल बुधवार को मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव के भाजपा का दामन थामने के बाद आज गुरुवार को मुलायम सिंह के साढ़ू और पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता ने लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ली।

लखनऊ में उनके साथ कांग्रेस की पोस्टर गर्ल डा. प्रियंका मौर्या ने भी भाजपा की सदस्यता ली। प्रमोद कुमार गुप्ता डा. प्रियंका मौर्या के अलावा अयोध्या की लोक गायिका वंदना मिश्रा तथा कानपुर की गोविन्द नगर सीट से बसपा के प्रत्याशी रहे सुनील शुक्ला ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के प्रमुख पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा लक्ष्मीकांत बाजपेई ने इन सभी को पार्टी सदस्यता दिलाई।

समाजवादी पार्टी में गुंडों का ही बोलबाला

भाजपा में शामिल होने के बाद औैरैया के बिधूना से विधायक रहे प्रमोद कुमार गुप्ता ने अखिलेश यादव पर बेहद गंभीर आरोप लगाया। मुलायम सिंह के साढू प्रमोद गुप्ता ने कहा कि अखिलेश यादव ने नेताजी को बंधक बना रखा है। सपा में तो गुंडों का ही बोलबाला है।

प्रमोद गुप्ता बोले कि अखिलेश यादव चाटुकारों से घिर गए हैं। मुलायम सिंह बुजुर्ग हो गए हैं, उनकी बात अब न अखिलेश सुनते हैं और न ही पार्टी में कोई सुनता है, अखिलेश ने मुलायम को बहुत रुलाया है। आज उनकी यह हालत अखिलेश की वजह से ही है।

प्रमोद गुप्ता ने दावा किया कि सपा के 20 विधायक उनके साथ आने के लिए तैयार हैं, यदि भाजपा अनुमति दे तो अखिलेश की नाक के बाल कहे जाने वाले विधायक रघुराज शाक्य, शिवकुमार बेरिया से लेकर कई विधायक अगले दो घंटे में भाजपा में होंगे।

कांग्रेस नेता टिकट पहले ही किसी और को बेच चुके थे

भाजपा में शामिल हुईं कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या ने कहा कि मुझे कहा गया कि सरोजिनी नगर क्षेत्र में काम कीजिए, जबकि कांग्रेस नेता टिकट पहले ही किसी और को बेच चुके थे। मुझे लड़की हूं, लड़ सकती हूं अभियान से जोड़ा।

यह प्रियंका गांधी का खोखला नारा है, क्योंकि मेरी तो आवाज तक सुनी, जबकि मैं लड़ती रही। ऐसी विचारधारा के साथ मैं काम नहीं कर सकती, इसलिए भाजपा में आई हूं।

भाजपा में मैंने टिकट की कोई शर्त नहीं रखी। प्रियंका मौर्या ने कहा कि कांग्रेस ने वोटर को आकर्षित करने के लिए उनके चेहरे का इस्तेमाल पोस्टर पर किया। वह पोस्टर से हटाना होगा।

बता दें कि प्रमोद कुमार गुप्ता सपा संस्थापक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के साढ़ू और अपर्णा यादव के मौसा हैं। प्रमोद गुप्ता मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता (अब साधना यादव) के बहनोई हैं।

Back to top button