लोकतंत्र की सीरियल किलर है बीजेपी, लूटती है वोट: अखिलेश यादव

akhilesh yadav

कन्नौज (उप्र)। उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने पंचायत और विधान परिषद चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए भाजपा को लोकतंत्र का सीरियल किलर बताया।

अखिलेश यादव ने कन्नौज में कहा,  बीजेपी लोकतंत्र की सीरियल किलर है। लोकतंत्र में वोट कैसे लूटा जाता है भाजपा उसकी एक्सपर्ट पार्टी बन गई है। कन्नौज में कई साथी पर्चा नहीं भर पाए थे। एटा में पुलिस कप्तान और डीएम ने मिलकर पर्चा नहीं भरने दिया। फर्रुखाबाद के साथियों के साथ भी यही हुआ।

उन्होंने कहा कि बीजेपी से फेयर चुनाव की उम्मीद करना अपने आपको धोखा देना होगा। जब से भाजपा सरकार बनी है तब से बैंकों का ब्याज लगातार कम हो रहा है। कानपुर में लॉकर से गहनों की लूट हो रही है।

पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि मैंने जो कहा था वही हो रहा है। मैंने कहा था कि पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ जाएंगे, चुनाव बाद वही हुआ। महंगाई की मार के साथ साथ बेरोजगारी की भी मार पड़ रही है। लोग आत्महत्या कर रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। सच्ची खबर चलाएंगे तो ये आपको भी जेल में डाल देंगे। बलिया में यूपी बोर्ड पेपर लीक का खुलासा करने वाले पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया। बच्चे रो रहे हैं, मां रो रही है। उनको नही पता था कि बेटा घर लौटेगा। यह बहुत निंदनीय व्यवहार हो रहा है।

भाजपा की नई टोपी पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि जो लोग सपा की लाल टोपी पर न जाने क्या-क्या कहते थे, आज खुद टोपी पहने बैठे हैं। गौरतलब है कि यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने सपा की लाल टोपी को खतरे की निशानी बताया था।

Back to top button