अमेठी: भूमि विवाद में चार लोगों की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या, छह घायल

प्रतीकात्मक तस्वीर

अमेठी (उप्र)। उप्र के अमेठी जनपद में एक लोमहर्षक हत्याकांड की खबर सामने आ रही है। यहां भूमि विवाद में चार लोगों की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान छह लोग घायल भी हुए हैं। घटना अमेठी के राजापुर गांव के मजरे गुंगवाच की है।

प्राप्त समाचार के अनुसार गांव में आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर पूर्व प्रधान अमरेश यादव, उनके माता-पिता और भाई समेत चार लोगों की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान छह लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें गौरीगंज संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि राजापुर गांव के मजरे गुंगवाच में आबादी की जमीन को लेकर राम दुलारे और संकठा प्रसाद यादव के बीच विवाद चल रहा है। संकटा प्रसाद के बेटे हनुमान विवादित भूमि पर मौरंग गिरवा रहे थे, तभी रामदुलारे के पक्ष के लोगों ने उन पर हमला बोल दिया।

मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से संकठा प्रसाद, उनकी पत्नी पार्वती उर्फ ननका, उनके बेटे पूर्व प्रधान अमरेश यादव और हनुमान की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके अलावा अमरेश की पत्नी धन्नोदेवी, बेटा राजकुमार यादव, संकठा का एक अन्य बेटे अशोक समेत सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बाद में राजकुमार और धन्नो को लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस हत्याओं के बाद दूसरा पक्ष गांव से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, गांव के बाहर के लोग भी इस घटना में रामदुलार पक्ष का साथ देने आए थे।

अमेठी कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिल चुकी है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कोई भी आरोपी बचने नहीं पाएगा।  

Back to top button