आगरा-लखनऊ Express-वे पर  हादसा, इटावा के DFO समेत दो मरे

Agra-Lucknow Expressway: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर  माइलस्टोन 68.800 (थाना नगला खंगर क्षेत्र) पर एक बेकाबू स्कॉर्पियो-एन डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रही एक्सयूवी 700 से टकरा गई। इस भीषण हादसे में इटावा के डीएफओ ( डिस्ट्रिक्ट फारेस्ट ऑफिसर) विकास नायक और उनके चालक देवांश की इलाज के दौरान सैफई पीजीआई में मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

सुबह लगभग 10:30 बजे हरियाणा से लखनऊ की ओर जा रही स्कॉर्पियो-एन को कोलकाता के राज, हॉट मेन रोड निवासी डेबिट वेरी योग गोत्र डिसूजा चला रहे थे। हादसे में डीएफओ इटावा सहित दो की मृत्यु हुई है।

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

गाड़ी में उनकी 65 वर्षीय पत्नी भी सवार थीं। माइलस्टोन 68.800 के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। गाड़ी लेफ्ट साइड से डिवाइडर को तोड़ती हुई दूसरी ओर राइट हैंड साइड की लेन में पहुंच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।

लखनऊ की तरफ से आ रही एक्सयूवी 700 से स्कॉर्पियो की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। एक्सयूवी में इटावा डीएफओ विकास नायक, उनके चालक देवांश सहित तीन लोग सवार थे।

मौत की खबर मिलते ही इटावा वन विभाग का स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारी सैफई अस्पताल पहुंच गए। अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद सुरक्षा टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर पुलिस चौकी भिजवाया, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात पुनः सुचारू हो सका।

घटना की सूचना मिलते ही आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे का  गश्ती दल नंबर 4, पीआरबी 5618, नगला खंगर थाना पुलिस और सहायक सुरक्षा अधिकारी (पैकेज-2) फूल सिंह अपनी  टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के जरिए सभी गंभीर घायलों को तत्काल सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Back to top button