
वेव सिनेमा में ‘हनुमान अंश’ की स्पेशल स्क्रीनिंग, कलाकारों का होगा सम्मान
Hanuman Ansh: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित वेव सिनेमा में 16 सितंबर 2026 को आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ की दोबारा स्पेशल स्क्रीनिंग का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति की सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक सनातनी महिलाएं शामिल होंगी। दोपहर 3:00 बजे उद्घाटन सत्र के उपरांत फिल्म का प्रदर्शन शुरू होगा।
इस विशेष अवसर पर फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों को उनकी उत्कृष्ट कला और सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित भी किया जाएगा। इससे पहले 8 सितंबर को फन रिपब्लिक में 200 महिलाओं के लिए आयोजित स्पेशल स्क्रीनिंग में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे थे।
हनुमान जी के आदर्शों का संदेश
सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल ने फिल्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘हनुमान अंश’ ने न केवल वैश्विक स्तर पर सनातनी आध्यात्मिक शक्ति को जागृत किया है, बल्कि भारतीय सिनेमा जगत को भी एक नई और सकारात्मक दिशा दी है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के परम भक्त हनुमान जी भक्ति, सेवा, समर्पण, साहस और विनम्रता के अप्रतिम आदर्श हैं। श्रीराम के प्रति उनका समर्पण हमें यह सिखाता है कि वास्तविक शक्ति केवल व्यक्तिगत सामर्थ्य में नहीं, बल्कि उस शक्ति का उपयोग लोककल्याण और धर्म की रक्षा के लिए करने में निहित है।
‘सुंदरकांड महा अभियान’
सपना गोयल का मुख्य लक्ष्य संतों और ऋषियों की पावन भूमि भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में प्रतिष्ठित करना है। इस महा उद्देश्य की पूर्ति के लिए ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति की ओर से प्रतिदिन सुंदरकांड पाठ के साथ हर मंगलवार और शनिवार को नजदीकी मंदिरों में सामूहिक सुंदरकांड का आयोजन किया जा रहा है।
बिना किसी सरकारी या निजी सहयोग के चल रहा यह सुंदरकांड महा अभियान वर्तमान में उत्तर प्रदेश के 42 जिलों और देश के 10 राज्यों तक फैल चुका है। इससे पहले 10 मार्च 2024 को महिला दिवस के मौके पर सपना गोयल के नेतृत्व में लखनऊ के झूलेलाल घाट पर 5,000 से अधिक महिलाओं ने एक साथ सामूहिक सुंदरकांड का भव्य अनुष्ठान किया था।
देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर सामूहिक पाठ
महा तीर्थाटन अभियान के तहत समिति द्वारा नैमिषारण्य, कोटद्वार के प्राचीन सिद्धबली मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, हर की पौड़ी हरिद्वार, रुड़की महादेव मंदिर, चित्रकूट के रामघाट, प्रयागराज के लेटे हुए हनुमान मंदिर, कानपुर के आनंदेश्वर महादेव मंदिर और मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में भव्य सुंदरकांड का आयोजन किया जा चुका है।
इसके अलावा, अयोध्या धाम में प्रभु श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में 11 सितंबर 2024 से शुरू हुआ मासिक सुंदरकांड पाठ का सिलसिला जारी है, जिसके तहत आगामी शुक्रवार 25 सितंबर 2026 को पुनः सामूहिक पाठ का आयोजन किया जाएगा। समिति की ओर से समाज में निरंतर ‘सेवा परमो धर्मः’ और स्वदेशी अपनाने का संदेश भी दिया जा रहा है।





