हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, जिम के बाहर बरसाईं 20 गोलियां

Ankit Baliyan Murder: उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अपने मशहूर गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ से सुर्खियों में आए लोकप्रिय हरियाणवी सिंगर, एक्टर और यूट्यूबर अंकित बालियान की बुधवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई।

यह हमला उस वक्त हुआ जब अंकित बालियान वर्कआउट खत्म करने के बाद जिम से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे। घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ 18 से 20 राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

वर्कआउट के बाद निकलते ही बदमाशों ने घेरा

घटना शामली कोतवाली क्षेत्र के सीबी गुप्ता कॉलोनी के पास की है। मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय अंकित बालियान रोज की तरह शाम को जिम में वर्कआउट करने गए थे। लगभग शाम 7 बजे जैसे ही वह जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी के पास पहुंचे, तभी बाइक और गाड़ियों से आए 3 से 4 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।

सिर और पेट में कई गोलियां लगने के कारण अंकित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग और पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल (CHC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

गोगी गैंग की पोस्ट से मचा हड़कंप

गुस्साए लोगों और ग्रामीणों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर शव रखकर करीब ढाई घंटे तक जाम लगाया। उधर, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में कथित तौर पर ‘गोगी गैंग’ ने इस मर्डर की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वे इस वायरल पोस्ट की तकनीकी जांच कर रहे हैं। हत्या के पीछे चुनावी रंजिश, पुरानी दुश्मनी या गैंगवार समेत सभी कोणों (angles) से जांच की जा रही है।

चुनाव लड़ने की कर रहे थे तैयारी

अंकित बालियान न केवल एक बेहतरीन गायक और कलाकार थे, बल्कि यूट्यूब पर भी उनके 3.66 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स थे। उन्होंने मशहूर हरियाणवी कलाकारों के साथ काम किया था। हाल के दिनों में वह सामाजिक मुद्दों और पॉडकास्ट में भी काफी सक्रिय थे और आगामी जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।

अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मेरठ जोन भानू भास्कर और एसपी शामली एनपी सिंह ने बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की 6 से 7 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए जांच को आगे बढ़ा रही हैं।

Back to top button