टीकाकरण के बाद बिगड़ी तबीयत? लखनऊ में 2 महीने के मासूम की संदिग्ध मौत…

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र में दो महीने के एक मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्चे की मौत टीकाकरण के वजह से हुई है। उसे 6 अप्रैल को CHC की टीम ने टीका लगाया था। उसके बाद से तबीयत खराब होने लगी। 4 दिन में उसने शुक्रवार को दम तोड़ दिया।

टीका लगने के बाद बिगड़ने लगी हालत
मामला रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गहदो गांव का है। परिजनों के अनुसार, 6 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माल (सीएचसी) की टीम गांव में नियमित टीकाकरण अभियान के तहत पहुंची थी। इसी दौरान साहिल के दो महीने के बेटे उमर को भी टीका लगाया गया। आरोप है कि टीका लगने के कुछ ही समय बाद बच्चे की तबीयत खराब होने लगी।

शरीर पर उभरे काले निशान, बढ़ी चिंता
परिवार का कहना है कि बच्चे के शरीर पर काले चकत्ते जैसे निशान बनने लगे थे, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई। उन्होंने स्थानीय स्तर पर इलाज कराने की कोशिश की, लेकिन बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती गई।

चार दिन तक चला संघर्ष, आखिरकार तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि पिछले चार दिनों से बच्चा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था। आखिरकार शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

यह भी पढ़ें…

‘ऑटो में बैठी हूं’… आखिरी शब्द बने पहेली, लखनऊ में महिला लापता

परिजनों का आरोप, जांच की मांग
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्चे की मौत टीकाकरण के कारण हुई है। उनका कहना है कि टीका लगने से पहले बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, आमतौर पर टीकाकरण को सुरक्षित माना जाता है और ऐसे मामलों में विस्तृत मेडिकल जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाता है।

यह भी पढ़ें…

UP Voters List: यूपी में फाइनल वोटर लिस्ट जारी, बढ़ी मतदाताओं की संख्या

जांच के बाद ही साफ होगी सच्चाई
फिलहाल इस मामले में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच की उम्मीद की जा रही है। यह स्पष्ट होना जरूरी है कि बच्चे की मौत वास्तव में टीकाकरण से जुड़ी है या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सीय कारण है।

यह घटना जहां एक ओर परिवार के लिए गहरा दुख लेकर आई है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण को लेकर नई आशंकाएं भी पैदा कर सकती है।

यह भी पढ़ें…

UP News: शामली जिला अस्पताल में बड़ी लापरवाही, सड़क पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म

Back to top button