
Hanuman Ansh: कौन हैं पूर्णिमा तिवारी? जिन्होंने नीम करोली बाबा की पत्नी के रोल में जीता दिल
Hanuman Ansh: बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ की चर्चा इन दिनों हर तरफ हो रही है। महान संत नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी महिमा पर आधारित इस आध्यात्मिक फिल्म के हर एक किरदार को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
फिल्म में नीम करोली बाबा की पत्नी ‘रामबेटी शर्मा’ का किरदार निभाने वाली लखनऊ की अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी भी अपनी सादगी और दमदार अभिनय की वजह से खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। खासकर फिल्म का प्रसिद्ध बुंदेली लोक-भक्ति गीत ‘जब जिद पे आ गई पार्वती’ सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से पूर्णिमा तिवारी के अभिनय की हर तरफ तारीफ हो रही है।
पार्वती माई की जगह चुना ये किरदार
फिल्म में पूर्णिमा तिवारी के कास्टिंग प्रोसेस को लेकर एक बेहद दिलचस्प खुलासा हुआ है। फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने बताया कि शुरुआत में पूर्णिमा को फिल्म में किसी और महत्वपूर्ण किरदार के लिए सोचा गया था। मेकर्स उन्हें ‘पार्वती माई’ के रोल के लिए कास्ट करना चाहते थे, जो स्क्रीन टाइम और शूटिंग डेज के हिसाब से ज्यादा बड़ा किरदार था।
हालांकि, जब पूर्णिमा तिवारी ने फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ी तो उन्होंने तुरंत रामबेटी शर्मा के किरदार में अपनी रुचि दिखाई। मेकर्स द्वारा समझाने के बावजूद वह सिर्फ नीम करोली बाबा की पत्नी का रोल निभाने की जिद पर अड़ी रहीं और आखिरकार उन्हें यह अहम भूमिका मिल गई।
बिना डायलॉग के जीया किरदार
फिल्म में रामबेटी का किरदार नीम करोली बाबा के पारिवारिक जीवन और उनके महाराज जी बनने के सफर को एक भावुक मोड़ देता है। प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर के अनुसार, फिल्म के लीड एक्टर शोभिनव सत्या (जो नीम करोली बाबा के मुख्य रोल में हैं) के साथ पूर्णिमा के इमोशनल सीन बेहद प्रभावशाली बन पड़े हैं।
इन दृश्यों में पूर्णिमा के डायलॉग बहुत ही कम थे, लेकिन उन्होंने अपने चेहरे के हाव-भाव और संवेदनशीलता से पूरे सीन में जान फूंक दी। पूर्णिमा ने खुद एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि शूटिंग के दौरान महाराज जी का रूप देखकर वह इतनी भावुक हो गई थीं कि उनके आंसू रुक नहीं रहे थे।
लखनऊ से बॉलीवुड तक का सफर
उत्तर प्रदेश के लखनऊ से ताल्लुक रखने वाली 40 वर्षीय पूर्णिमा तिवारी पिछले काफी समय से टीवी और ओटीटी की दुनिया में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एकता कपूर के शो ‘प्यार की राहें’ से की थी और बाद में लोकप्रिय धारावाहिक ‘गुम है किसी के प्यार में’ में अन्वी भोसले के रोल में नजर आईं।
फिल्मों की बात करें तो उन्होंने नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ‘रात अकेली है’, नुसरत भरूचा की ‘हुड़दंग’ और ‘लकीरें’ जैसी फिल्मों में भी सहायक भूमिकाएं निभाई हैं। हालांकि, फिल्म ‘हनुमान अंश’ में रामबेटी शर्मा के सादगी भरे किरदार ने उन्हें घर-घर में एक नई और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला दी है।





