फरीदकोट में 60 करोड़ की हेरोइन बरामद, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई खेप

Punjab News: पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भेजी गई हेरोइन की अब तक की सबसे बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने जिले के गांव झाड़ीवाला में छिपाकर रखी गई 12 किलो 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 60 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस मामले में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदकोट जिले के गांव झाड़ीवाला निवासी सुखप्रीत सिंह और फिरोजपुर जिले के निवासी कादर सिंह पुत्र सुखमंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों ने मिलकर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए यह कंसाइनमेंट मंगवाया था और इसे स्थानीय स्तर पर आगे सप्लाई करने की तैयारी कर रहे थे।

सूचना और तकनीकी जांच के बाद कार्रवाई
एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि फरीदकोट पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर लगातार दो सप्ताह तक कड़ी मेहनत की। इसके बाद सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने दोनों तस्करों को हेरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़ें…

Punjab Flood: बाढ़ पीड़ितों कि उम्मीद बनी भारतीय सेना, कांग्रेस ने भेजी राहत सामग्री

पाकिस्तान से कनेक्शन के सबूत
बरामद हेरोइन के पैकेट पर मिले चिन्हों से यह साफ हो गया है कि यह खेप पाकिस्तान से भेजी गई थी। पुलिस का मानना है कि खेप मंगाने और पैसों के लेन-देन में हवाला चैनल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। इस बात की पुष्टि के लिए अब आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

फाइनेंशियल और टेक्निकल जांच जारी
आरोपियों को रिमांड पर लेकर पुलिस यह जांच कर रही है कि पाकिस्तान के किन तस्करों से उनका संपर्क था और आगे यह खेप किसे सप्लाई की जानी थी। साथ ही, फाइनेंशियल ट्रेल खंगाला जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस सौदे के लिए भुगतान किस रास्ते से हुआ।

यह भी पढ़ें…

पंजाब में सांसद राघव चड्ढा का बड़ा ऐलान, बाढ़ पीड़ितों के लिए जारी किए ₹3.25 करोड़

पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान
एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने कहा कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रही है। तस्कर अब अपने तौर-तरीके और रास्ते बदल रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें कहीं भी चैन से काम नहीं करने देगी। उन्होंने कहा कि यह बरामदगी फरीदकोट जिले में अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी है, जिसने नशा तस्करी में सक्रिय एक बड़े नेटवर्क की कमर तोड़ दी है।

इस मौके पर एसपी संदीप कुमार, डीएसपी त्रिलोचन सिंह, थाना सदर प्रभारी राजेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें…

Punjab में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन आरोपी गिरफ्तार

Back to top button