कोरोना: 24 घंटों में रिकॉर्ड 332,503 नए संक्रमित, 2256 की मौत

नई दिल्ली। भारत में कोरोना की दूसरी लहर का कहर दिन प्रतिदिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। देश में लगातार दूसरे दिन तीन लाख से ज्यादा और अब तक के सर्वाधिक नए कोरोना संक्रमित मिले।

वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, गुरुवार रात 12 बजे तक 24 घंटों में भारत में 332,503 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2256 कोरोना मरीजों की मौत हो गई। भारत में कोरोना के मामलों ने दुनियाभर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

देश में महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,86,927  हो गई है। अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,62,57,164 हो गई है। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 24,21,970 पर पहुंच गई। यह कुल संक्रमितों की संख्या का 14.9 फीसदी है।

ठीक होने की दर 84 फीसदी से नीचे

कोरोना संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की दर गिरकर 83.9 प्रतिशत रह गई है। आंकड़ों के मुताबिक इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,36,41,572 हो गई है। कोरोना से राष्ट्रीय स्तर पर मृत्यु दर गिरकर 1.1 प्रतिशत हो गई है।

आठ राज्यों में साढ़े 74 फीसदी मौतें

देश में 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 568 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। इसके बाद दिल्ली में 306, छत्तीसगढ़ में 207, यूपी में 195,  गुजरात 137, कर्नाटक में 123, पंजाब में 75 और मध्य प्रदेश में 75 लोगों की मौत हुई। इन आठ राज्यों में कुल 1686 मौतें हुईं जो कुल 2255 मौतों का 74.76 फीसदी है।

कोरोना के 75 प्रतिशत नए मामले 10 राज्यों में

देश में एक दिन में मिले 3,14,835 नए कोरोना मामलों में से 75 प्रतिशत केस महाराष्ट्र, उप्र, दिल्ली और गुजरात समेत 10 राज्यों में आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इन 10 राज्यों की सूची में कर्नाटक, केरल, मप्र, छत्तीसगढ़, बिहार और राजस्थान भी शामिल हैं।

Back to top button