गांधीनगर ननि चुनाव में भाजपा की जबर्दस्त जीत, 41 सीटों पर किया कब्ज़ा

bjp flag

अहमदाबाद। गुजरात के गांधीनगर नगर निगम के चुनावों में भाजपा का परचम लहराया है। निगम की कुल 44 सीटों में से 41 पर पार्टी को जीत मिली है, जबकि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को महज तीन सीटों पर ही संतोष करना पड़ा।

बीते रविवार को गांधीनगर में मतदान हुआ था और आज मंगलवार सुबह वोटों की गिनती शुरू हुई। मतगणना की शुरुआत से ही भाजपा ने बढ़त बना रखी थी।

ये नतीजे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के लिए करारा झटका हैं, जो भाजपा को कड़ी चुनौती देने के लगातार दावे कर रही है।

आम आदमी पार्टी को भी इस चुनाव ने बड़ा झटका दिया है। गांधीनगर जैसे अहम नगर निगम में महज एक सीट जीत पाना बताता है कि उसके लिए विस्तार की राह कितनी मुश्किल है। कांग्रेस को महज 2 सीटें ही मिली हैं।

भाजपा और कांग्रेस ने सभी 44 वार्डों में अपने उम्मीदवार खड़े किए थे, जबकि आम आदमी पार्टी ने 40 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। पिछली बार कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी थी।

तब दोनों ही पार्टियों को 16-16 सीटें मिली थीं। बाद में कांग्रेस के पार्षद प्रवीण पटेल ने पाला बदल लिया और भाजपा की मदद से मेयर बन गए थे।

आम आदमी पार्टी की उम्मीदों को भी झटका लगा है। सूरत नगर निकाय के चुनावों में आम आदमी पार्टी ने कुल 27 सीटें जीतकर चर्चा बटोरी थी। इस बार भी पार्टी पर सभी की नजरें थीं, लेकिन सूरत वाला नतीजा गांधीनगर में नहीं आया।

वैसे भी गांधीनगर को भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है। लालकृष्ण आडवाणी से लेकर अब अमित शाह तक इसी सीट से लड़ते रहे हैं।

Back to top button