कोरोना: दो महीने में सबसे कम दैनिक मामले, एक्टिव केस 20 लाख से नीचे; मौतों में भी कमी

नई दिल्ली। कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार फिर धीमी पड़ने लगी है। जमकर तांडव मचाने और हर दिन हजारों जानें लेने के बाद अब राहत की खबर आ रही है। बीते 24 घंटों में भारत में कोरोना के 1,27,510 नए मामले देखने को मिले हैं। पिछले 2 महीनों में ये आंकड़ा पहली बार इतना नीचे गया है।

इस दौरान 2,795 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 3, 31,895 हो गई  है। सक्रिय मामलों की बात करें को ये आंकड़ा 18, 95,520 पर है। 43 दिनों में ये पहली बार है जब सक्रिय मामले 20 लाख से नीचे देखे गए हैं। केवल 24 घंटों में सक्रिय मामलों में 1,30,572 की कमी आई है।

लगातार बढ़ रहा रिकवरी रेट

देश भर में अब तक 2,59,47,629 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। सिर्फ बीते 24 घंटों के दौरान 2,55,287 मरीज ठीक हुए। लगातार 19वें दिन देखा गया कि दैनिक नए मामलों की तुलना में ठीक होने की संख्या लगातार बढ़ रही है। रिकवरी रेट फिलहाल 92.09% पर है और लगातार बढ़ रहा है।

इन राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें दिल्ली, राजस्थान, मप्र, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, हिप्र,  छत्तीसगढ़, ओडिशा,कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

Back to top button