उप्र चुनाव का दूसरा चरण: 55 सीटों पर मतदान जारी, केन्द्रीय मंत्री ने डाला वोट

voting

लखनऊ। उप्र विधानसभा चुनाव 2022 के दूसरे चरण में आज सोमवार को प्रदेश के नौ जिलों की 55 सीटों पर मतदान जारी है। पोलिंग पार्टियों ने मतदान केन्द्रों पर मॉक पोलिंग से ईवीएम की टेस्टिंग की। इसके बाद सात बजे मतदान प्रारंभ हो गया।

पश्चिमी उप्र के दो जिलों के साथ रुहेलखंड के सात जिलों में मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। वोटर सुबह से ही पोलिंग बूथों पर पहुंचने लगे। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

दूसरे चरण में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर, बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर जिलों में मतदान हो रहा है। आज 2.02 करोड़ मतदाता 586 प्रत्याशियों की तकदीर का फैसला करेंगे। इस चरण में 69 महिला उम्मीदवार हैं।

निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और भय मुक्त मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग ने हर जिले के 50 प्रतिशत बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की है। पोलिंग बूथों पर आवश्यकता के अनुसार वीडियो कैमरे भी लगाए गए हैं।

नौ बजे तक 9.45 प्रतिशत वोटिंग

दूसरे चरण का मतदान जारी है। कई जगह पर थोड़ी देर के लिए ईवीएम में दिक्कत के बाद भी पहले दो घंटे यानी सात से नौ बजे तक नौ जिलों में कुल 9.45 प्रतिशत मतदान हो गया था।

अमरोहा में सर्वाधिक 10.83 तो सबसे कम बरेली में 8.36 प्रतिशत मतदान हुआ है। सहारनपुर में 9.77, बिजनौर में 10.01, मुरादाबाद में 10.03, संभल में 10.78, रामपुर में 8.37, अमरोहा में 10.83, बदायूं में 9.14, बरेली में 8.36 तथा शाहजहांपुर में 9.18 प्रतिशत मतदान हो गया था।

रामपुर में केन्द्रीय मंत्री ने किया मतदान

मोदी सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज रामपुर में वोट डाला। मुख्तार अब्बास नकवी और उनकी पत्नी सीमा नकवी ने दनियापुर के शंकरपुर बूथ पर वोट डाला।

Back to top button