उप्र: सरकार व संगठन में बदलाव की चर्चा, केशव प्रसाद मौर्या ने दिया यह बयान

keshav prasad maurya

लखनऊ। उप्र में सरकार और भाजपा संगठन में बदलाव की चर्चा जोरों पर हैं। मंगलवार को लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष से मुलाकात की।

बैठक के बाद केशव प्रसाद मौर्या ने फिर वही नारा दोहराया जो उन्होंने 2017 के विस चुनावों में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष रहते हुए दिया था। मौर्या ने कहा कि हम 2022 में 300 से अधिक सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत प्राप्त करेंगे।

उनके इस बयान के बाद उप्र में संगठन और सरकार में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। चर्चा है कि केशव प्रसाद मौर्या को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है, जबकि स्वतंत्र देव सिंह मंत्रिमंडल में शामिल होंगे।

वहीं एमएलसी ए.के. शर्मा को उप-मुख्यमंत्री का पद मिलेगा। इसके अलावा कई मंत्रियों को भी इस बार हटाने के कयास लगाए जा रहे हैं। संगठन में भी कई नेताओं की जिम्मेदारी बदलने की बात हो रही है।

राष्ट्रीय महामंत्री ने नेताओं से की मुलाकात

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने लखनऊ में मिशन-2022 के लिए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मंथन शुरू कर दिया। उन्होंने राज्य सरकार के मंत्रियों से एक-एक कर भेंट की और उनसे सरकार के कामकाज के साथ ही आम लोगों की पार्टी के प्रति राय जानी।

संतोष मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और वहां कोर कमेटी के साथ बैठक की। माना जा रहा है मुख्यमंत्री के साथ बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में बदलाव पर चर्चा हुई।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर सुबह से ही संगठन के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के बीएल संतोष के मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। मुख्य रूप से सुरेश खन्ना, जय प्रताप सिंह, महेंद्र सिंह, दारा सिंह चौहान के अलावा कानून मंत्री बृजेश पाठक मिलने पहुंचे।

Back to top button