गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo फ्लाइट का इंजन फेल, एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

हवा में ही पता चला कि प्लेन के इंजन में खराबी आ गई है, जिसके बाद तुरंत ही 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर फ्लाइट को वापस मोड़ दिया गया।

Indigo Flight Engine Failure: गोवा से देश की राजधानी दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो (IndiGo) की एक फ्लाइट में हवा में अचानक इंजन फेल से हड़कंप मच गया। जिसका पता चलते ही पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए गोवा के मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (Mopa Airport) पर फुल इमरजेंसी घोषित कराई और विमान को सुरक्षित लैंड कराया।

विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

टेकऑफ के बाद ही आई खराबी

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-2111 ने गोवा के मोपा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सामान्य उड़ान भरी थी। हालांकि, उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद जब विमान हवा में था, तब पायलट को एक इंजन में तकनीकी खराबी और प्रेशर कम होने का अलर्ट मिला।

खतरे को देखते हुए पायलट ने तुरंत गोवा एटीसी (Air Traffic Control) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

एयरपोर्ट पर घोषित की गई फुल इमरजेंसी

सूचना मिलते ही मोपा एयरपोर्ट पर तुरंत ‘फुल इमरजेंसी’ लागू कर दी गई। रनवे पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, एम्बुलेंस और राहत-बचाव दल को तैनात कर दिया गया। दोपहर में विमान ने सुरक्षित तरीके से गोवा एयरपोर्ट पर लैंडिंग की, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

इंडिगो ने जारी किया बयान

घटना के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया

गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6E-2111 में उड़ान के दौरान एक इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका महसूस हुई। स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पायलट ने एहतियातन विमान को वापस गोवा मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ा। विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई है और सभी यात्रियों को दिल्ली भेजने के लिए वैकल्पिक फ्लाइट (Alternative Aircraft) का प्रबंध किया जा रहा है।”

विमानन नियामक DGCA ने मामले का संज्ञान लिया है और इंजन में आई खराबी के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Back to top button