Lucknow में 4 अक्टूबर को होगा अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू महासम्मेलन, 21 देशों के प्रतिनिधि और संत जुटेंगे

Vishva Hindu Raksha Parishad: 4 अक्टूबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू प्रतिनिधि महासम्मेलन, देश-विदेश से संत और प्रतिनिधि होंगे शामिल

Dharm Sansad: राजधानी लखनऊ में रविवार, 4 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू प्रतिनिधि महासम्मेलन एवं धर्म संसद का आयोजन किया जा रहा है। विश्व हिन्दू रक्षा परिषद की ओर से यह कार्यक्रम गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। आयोजकों के मुताबिक, भारत में पहली बार 21 देशों के सनातनी प्रतिनिधि और प्रमुख साधु-संत एक मंच पर जुटेंगे।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने शनिवार को गोमती नगर स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि महासम्मेलन की शुरुआत सुबह 9 बजे होगी, जबकि मुख्य सत्र सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

कई प्रमुख नेताओं को भेजा गया निमंत्रण
आयोजकों के मुताबिक, महासम्मेलन के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, मनिंदर सिंह बिट्टा, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और अपर्णा यादव समेत कई लोगों को आमंत्रित किया गया है।

अखिलेश यादव को निमंत्रण दिए जाने के सवाल पर गोपाल राय ने कहा कि उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। उनके मुताबिक, सम्मेलन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण को लेकर अखिलेश यादव से उनका रुख स्पष्ट करने की अपेक्षा है।

धर्म संसद में शामिल होंगे प्रमुख साधु-संत
धर्म संसद में अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास, महंत परशुराम दास, महंत धर्मदास, महामंडलेश्वर महंत मंगलदास, महंत भगवान शरण, महंत विजय रामदास, काशी प्रसाद तिवारी और अनुपम मिश्र समेत कई संतों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में धार्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा के साथ विदेशों में रह रहे हिन्दू समुदाय के प्रतिनिधियों की भागीदारी भी होगी।

यह भी पढ़ें…

अक्षय पात्र ने मॉल ब्लॉक में भी शुरू किया पंद्रह हजार बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन

21 देशों से पहुंचेंगे प्रतिनिधि
सम्मेलन में 21 देशों से प्रतिनिधियों के पहुंचने का दावा किया गया है। इनमें इंडोनेशिया, ब्राजील, चीन, स्कॉटलैंड, नेपाल, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड, फिजी, कनाडा, फ्रांस, श्रीलंका, मलेशिया, ब्रिटेन, थाईलैंड, अमेरिका, हांगकांग, पोलैंड, बेल्जियम, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और यूक्रेन शामिल हैं।

विदेशी प्रतिनिधियों में इंडोनेशिया से आचार्य डॉ. आई. माडे धर्मयासा और आचार्य रामाचार्य, ब्राजील से संजीव शर्मा, चीन से गुलशन रस्तोगी, स्कॉटलैंड से रिशव मिश्रा, नेपाल से रमेश कुमार सरिया और अमेरिका से अतुल कुमार समेत अन्य प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

यह भी पढ़ें…

कांग्रेस को मिला यूपी का मौर्य? दिल्ली में मुलाकात के बाद तेज हुईं अटकलें…

लखनऊ में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर का आयोजन
आयोजकों के अनुसार, इस महासम्मेलन का उद्देश्य देश-विदेश में रहने वाले हिन्दू प्रतिनिधियों और संत समाज को एक मंच पर लाना है। सम्मेलन में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। आयोजकों का कहना है कि 4 अक्टूबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों और संतों की मौजूदगी में सम्मेलन आयोजित होगा।

यह भी पढ़ें…

नोएडा सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूदा शख्स, मौत से मचा हड़कंप; VIDEO आया सामने…

Back to top button