
RCB vs GT: किंग कोहली की दहाड़ से गूंजा अहमदाबाद, बैक-टू-बैक चैंपियन बनी RCB
IPL 2026 Final, RCB vs GT: विराट कोहली की ऐतिहासिक पारी और रसिक सलाम की घातक गेंदबाजी के दम पर RCB ने गुजरात टाइटन्स को हराकर लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीता। जानें फाइनल के सभी बड़े रिकॉर्ड्स।
IPL 2026 Final, RCB vs GT: जब मंच सबसे बड़ा होता है, तब ‘चेज मास्टर‘ विराट कोहली का बल्ला सबसे तेज बोलता है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के महामुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटन्स (GT) को 5 विकेट से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही RCB लगातार दूसरी बार आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी उठाने वाली लीग इतिहास की तीसरी टीम बन गई है।
गुजरात टाइटन्स द्वारा दिए गए 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB ने 18 ओवरों में ही 5 विकेट खोकर 161 रन बना लिए और खिताबी मुकाबला अपने नाम कर लिया।
किंग कोहली का ‘विराट’ शो
156 रनों के लक्ष्य के सामने RCB को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर (32 रन) ने धमाकेदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। इसके बाद किंग कोहली अंत तक क्रीज पर खूंटा गाड़कर डटे रहे। उन्होंने महज 42 गेंदों में नाबाद 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें 9 शानदार चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
इस पारी के दौरान कोहली ने केवल 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का अब तक का सबसे तेज अर्धशतक है। जैसे ही कोहली ने विनिंग सिक्स (जीत दिलाने वाला छक्का) लगाया, पूरा स्टेडियम झूम उठा। उन्होंने अपना हेलमेट उतारकर हवा में बल्ला लहराया, डगआउट की तरफ इशारा किया और स्टैंड्स में बैठी अपनी फैमिली को फ्लाइंग किस देकर इस जीत का जश्न मनाया।
विराट कोहली के सबसे तेज IPL अर्धशतक
-
25 गेंद – बनाम गुजरात टाइटन्स (2026, फाइनल)
-
26 गेंद – बनाम राजस्थान रॉयल्स (2018)
-
26 गेंद – बनाम दिल्ली कैपिटल्स (2018)
-
27 गेंद – बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स (2025)
गुजरात को घुटनों पर लाया
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। RCB के गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही गुजरात के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया।
युवा तेज गेंदबाज रसिक सलाम डार ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। वहीं अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लेकर गुजरात की कमर तोड़ दी। हालांकि, निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 50 रनों की साहसिक पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया, लेकिन यह स्कोर RCB को रोकने के लिए काफी नहीं था।
अहमदाबाद बना RCB के लिए ‘लकी चार्म’
यह लगातार दूसरा साल है जब बेंगलुरु ने अहमदाबाद की धरती पर आईपीएल की ट्रॉफी चूमी है। इससे पहले टीम ने आईपीएल 2025 का खिताब भी इसी मैदान पर जीता था। अब RCB मुंबई इंडियंस (5), चेन्नई सुपर किंग्स (5) और कोलकाता नाइट राइडर्स (3) के बाद एक से ज्यादा आईपीएल खिताब जीतने वाली चौथी टीम बन गई है।
लगातार दो बार IPL खिताब जीतने वाली टीमें:
-
चेन्नई सुपर किंग्स – 2010, 2011
-
मुंबई इंडियंस – 2019, 2020
-
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – 2025, 2026
IPL 2026: टूट गए बल्लेबाजी के सारे रिकॉर्ड
आईपीएल का यह सीजन (2026) क्रिकेट इतिहास में बल्लेबाजों के दबदबे के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। इस सीजन में बने कुछ मुख्य रिकॉर्ड्स इस प्रकार हैं:
-
एक सीजन में सबसे ज्यादा रन: 27,450 रन
-
सबसे ज्यादा रन प्रति विकेट: 31.26
-
सर्वोच्च रन रेट: 9.88
-
सबसे ज्यादा चौके: 2,332
-
सबसे ज्यादा छक्के: 1,426
-
सबसे ज्यादा शतक: 15
-
सबसे ज्यादा 200+ स्कोर: 65 बार
-
सबसे ज्यादा 200+ रन चेज: 17 बार
साल 2011 में मौजूदा प्लेऑफ फॉर्मेट लागू होने के बाद से अब तक 16 फाइनल खेले जा चुके हैं। इनमें से 13 बार उसी टीम ने चमचमाती ट्रॉफी उठाई है जिसने क्वालिफायर-1 जीता था। पिछले 9 सीजन से यह सिलसिला लगातार बिना टूटे जारी है।
इस बार की खिताबी जीत में क्रुणाल पंड्या ने भी पांच उंगलियां दिखाकर अपने करियर के 5वें आईपीएल खिताब का जश्न मनाया। वह रोहित शर्मा (6) और एमएस धोनी (5) जैसे दिग्गजों के खास क्लब में शामिल हो गए हैं। वहीं, कगिसो रबाडा ने 2026 में शानदार गेंदबाजी कर ड्वेन ब्रावो, भुवनेश्वर कुमार और हर्षल पटेल की तरह एक से ज्यादा बार पर्पल कैप जीतने का गौरव हासिल किया।
अहमदाबाद की रात पूरी तरह से ‘किंग कोहली’ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सुनहरे इतिहास के नाम रही।





