ईरान ने अमरीकी ठिकानों पर किया हमला 

हमले में 50 से अधिक लोग घायल

तेहरान। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने बताया क‍ि क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और संपत्तियों पर जवाबी कार्रवाई की गई है।  (स्थानीय समयानुसार) अपने आधिकारिक समाचार माध्यम ‘सेपाह न्यूज’ पर जारी बयान में आईआरजीसी ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ उसका जवाब शुरू हो गया है। आईआरजीसी ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने एक अमेरिकी एमक्‍यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है। आईआरजीसी ने कहा कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने जॉर्डन में कैंप टिटिन और बहरीन में शेख ईसा एयर बेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए। संगठन का दावा है कि इन हमलों में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए और कई महत्वपूर्ण सैन्य सुविधाएं तथा लड़ाकू हेलीकॉप्टर नष्ट हुए।

आईआरजीसी ने कहा कि अमेरिका के हालिया हमलों से होर्मुज स्‍ट्रेट के बंद रहने की अवधि और बढ़ सकती है। साथ ही, इससे ईरानी सशस्त्र बल विदेशी हस्तक्षेप का मुकाबला करने के लिए और अधिक दृढ़ हो जाएंगे।

शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी ने कहा क‍ि अमेरिका ने दक्षिणी ईरान के तटीय क्षेत्रों में कई नागरिक ठिकानों पर हमला किया। संगठन ने दावा किया कि यह कार्रवाई अमेरिका ने ‘हताशा’ में की और यह होर्मोजगान प्रांत में एक शादी समारोह पर हुए कथित अमेरिकी हमले के बाद की गई।

जॉर्डन की सशस्त्र सेना (जेएएफ) ने बाद में बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से आए 13 में से 10 बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराया।

जॉर्डन के अनुसार, बाकी तीन मिसाइलें आबादी वाले क्षेत्रों से दूर गिरीं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी ने होर्मोजगान प्रांत के राजनीतिक एवं सुरक्षा मामलों के उप-गवर्नर अहमद नफीसी के हवाले से कहा कि सिरिक काउंटी में एक शादी समारोह को निशाना बनाए गए अमेरिकी हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई। मृतकों में एक चार साल का बच्चा और एक महिला भी शामिल हैं। 50 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं।

Back to top button