
लखनऊ इस्कॉन मंदिर में चार सितंबर को मनेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
ISKCON Lucknow Janmashtami 2026: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन) में आगामी चार सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को होटल रैडीसन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने संपूर्ण कार्यक्रम का ब्योरा साझा किया।
जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव समेत कई गणमान्य अतिथि दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने पहुँचेंगे।
1008 तीर्थों के जल से अभिषेक
मंदिर प्रशासन द्वारा इस वर्ष की जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं:
-
विशेष श्रृंगार: भगवान श्री श्री राधा रमण बिहारी जी का श्रृंगार वृंदावन के विशेष कारीगरों द्वारा तैयार की गई जरी, मोती, मणि और माणिक्य की पोशाक से किया जाएगा।
-
महा अभिषेक: दोपहर 12:00 बजे से रात 10:00 बजे तक दूध, दही, घी, शहद और 1008 पवित्र तीर्थों के जल से भगवान का अभिषेक होगा। मुख्य महा अभिषेक रात 10:00 बजे से मध्यरात्रि 12:00 बजे तक मुख्य पंडाल में संपन्न होगा।
-
256 प्रकार के महाभोग: इस्कॉन के निष्ठावान वैष्णव भक्तों द्वारा प्रेमपूर्वक बनाए गए 256 प्रकार के व्यंजन श्री श्री राधा रमण बिहारी जी को अर्पित किए जाएंगे।
जन्माष्टमी का पूरा शेड्यूल (4 सितंबर 2026)
-
मंगला आरती: प्रातः 4:30 बजे
-
तुलसी आरती: प्रातः 5:15 बजे
-
गुरु पूजा: प्रातः 7:30 बजे
-
अविरल कीर्तन: प्रातः 9:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक
-
चरण अभिषेक: दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक
-
सांस्कृतिक कार्यक्रम: सायं 6:00 बजे से (मुकुंदा रॉक बैंड, भरतनाट्यम, बाल नाट्य प्रस्तुति आदि)
-
संध्या आरती: सायं 7:00 बजे
-
महा अभिषेक: रात्रि 10:00 बजे से मध्य रात्रि 12:00 बजे तक
-
छप्पन भोग दर्शन: रात्रि 11:00 बजे से मध्य रात्रि 12:00 बजे तक
-
महा आरती: मध्य रात्रि 12:30 बजे
विशेष आकर्षण के रूप में सांस्कृतिक पंडाल में “कौन बनेगा कृष्ण डिवोटी” (Kaun Banega Krishna Devotee) इनामी क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
दही हांडी और श्रील प्रभुपाद चौक का उद्घाटन
जन्माष्टमी के अगले दिन, यानी 5 सितंबर 2026 को नंद उत्सव और इस्कॉन संस्थापक श्रील प्रभुपाद जी की 130वीं व्यास पूजा (आविर्भाव महोत्सव) मनाई जाएगी।
-
दोपहर 1:00 बजे इस्कॉन मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर स्थित चौराहे पर श्रील प्रभुपाद जी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
-
दोपहर 2:00 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल प्रसादम और महाभोग का वितरण किया जाएगा।
-
अपराह्न 3:00 बजे इनामी दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
घर बैठे ऑनलाइन देखें सीधा प्रसारण
जो श्रद्धालु मंदिर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे इस्कॉन लखनऊ के आधिकारिक फेसबुक पेज (@iskcontemplelucknow), यूट्यूब चैनल (@AparimayShyam) और Zoom (Meet ID: 81097984237, Passcode: 2021) के माध्यम से संपूर्ण कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण देख सकते हैं।




