मौसम ने मचाई तबाही… यूपी, एमपी, राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी नुकसान

Weather Updates: देश के कई राज्यों में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी, बारिश व ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और बिहार समेत 11 राज्यों में खराब मौसम का असर देखने को मिला। कई जगह पेड़ उखड़ गए, वाहन क्षतिग्रस्त हुए और उड़ानों पर भी असर पड़ा।

भोपाल में 70 KMPH की रफ्तार से चला तूफान
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तेज आंधी और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। यहां करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे शहर के अलग-अलग इलाकों में 80 से ज्यादा पेड़ गिर गए। कई सड़कों पर यातायात बाधित हो गया और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

नगर निगम और प्रशासन की टीमें देर रात तक रास्ते साफ कराने और गिरे हुए पेड़ों को हटाने में जुटी रहीं।

यूपी के कई शहरों में बारिश, नोएडा में 400 पेड़ गिरे
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का असर व्यापक रूप से देखने को मिला। नोएडा समेत करीब 12 शहरों में तेज बारिश और आंधी आई। नोएडा में तेज हवाओं के चलते करीब 400 पेड़ उखड़ गए, जिससे कई जगह गाड़ियां दब गईं और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

लखनऊ, गाजियाबाद, कानपुर और मेरठ समेत कई शहरों में भी तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

राजस्थान में ओलावृष्टि, फ्लाइट्स डायवर्ट
राजस्थान के जयपुर में खराब मौसम के चलते दिल्ली से आने वाली चार फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा। वहीं श्रीगंगानगर में ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी।

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम खराब होने के कारण 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। तेज हवाओं और धूलभरी आंधी से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हरियाणा में क्रेन पलटी, 3 मजदूरों की मौत
हरियाणा के फरीदाबाद में तेज हवाओं के चलते फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगी एक बड़ी क्रेन पलट गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

यह भी पढ़ें…

सोशल मीडिया से सड़क तक! CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में हलचल…

बिहार में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत
बिहार के भागलपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से मां और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की अपील की है।

यह भी पढ़ें…

Delhi की B&B नीति बनी ‘टाइम बम’? हौज रानी हादसे के बाद बड़े सवाल…

27 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने देश के 27 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्य शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों तक कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें…

Kuno नेशनल पार्क में राष्ट्रपति का दौरा, चीतों को जंगल में छोड़ सकती हैं मुर्मु…

Back to top button