बारामूला में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, दो आतंकी ढ़ेर

Jammu And Kashmir: बारामूला में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच एनकाउंटर शुरू हो गया है। इस इलाके में 2 आतंकी फंसे हुए थे जिनके मारे जाने की खबर है।

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार को हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। उत्तरी कश्मीर के सोपोर में बुधवार को आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई जिसमें अब तक दो आतंकी मारे गए हैं। मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया है। हालांकि, दो सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने बुधवार सुबह बारामूला जिले के वाटरगाम इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिसकर्मी और एक सेना का जवान घायल

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू करने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल पर दो शव देखे गए हैं, लेकिन अभी तक उन्हें बरामद नहीं किया जा सका है। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में दो सुरक्षाकर्मी – एक पुलिसकर्मी और एक सेना का जवान – घायल हो गए हैं।

गौरतलब है कि बीते दिन यानी मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू होने के बाद सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई थी। मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा, “क्षेत्र में आतंकवादियों के बारे में विशेष जानकारी के आधार पर पुंछ जिले में सुरक्षा बलों द्वारा घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया और इसी बीच आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी हुई।

Back to top button