
सिर्फ15 रुपये टोल, 40 मिनट में सफर… जानिए कितना खास है कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे
Kanpur Lucknow Expressway Inauguration Today: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और सीएम योगी आज करेंगे ₹4200 करोड़ की लागत से बने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का उद्घाटन।
Kanpur Lucknow Expressway: उत्तर प्रदेश के दो बड़े महानगरों (कानपुर और लखनऊ) के बीच सफर करने वालों के लिए आज का दिन बेहद ऐतिहासिक है। दोनों शहरों के बीच की दूरी और ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए आज 63 किलोमीटर लंबे कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE 6) का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। तकरीबन ₹4,200 करोड़ की लागत से तैयार हुए इस एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद, जो सफर पहले 3 घंटे में तय होता था, वह अब महज 40 मिनट में पूरा हो जाएगा।
दिग्गज नेता करेंगे उद्घाटन
इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से उन्नाव के नेवरना पड़रिखुर्द से करेंगे। उद्घाटन के तुरंत बाद तीनों नेता खुद कार से उन्नाव से लखनऊ के सरोजनी नगर तक ट्रायल रन (सफर) करेंगे, जिसके बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
रफ्तार और सुरक्षा के हाईटेक इंतजाम
इस एक्सप्रेसवे को हाई-स्पीड और सुरक्षित यात्रा के लिहाज से डिजाइन किया गया है। इस मार्ग पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। इस एक्सप्रेसवे पर सिर्फ कार, वैन और अन्य चारपहिया वाहनों को ही चलने की इजाजत होगी। दोपहिया वाहनों के चलने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षा के लिए पूरे रूट पर 63 हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो 500 मीटर की दूरी तक साफ नजर रख सकते हैं। इनमें से 21 कैमरे सिर्फ इंटरचेंज पर पैनी नजर रखेंगे। बिना रुके वाहनों की नंबर प्लेट को डिटेक्ट करके टोल टैक्स ऑटोमैटिक कट जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों का ऑनलाइन चालान किया जाएगा।
शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर और कंट्रोल रूम
यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए एक्सप्रेसवे के 27वें और 35वें किलोमीटर पर दो बेहद आधुनिक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जो 24 घंटे काम करेंगे। पूरे 63 किलोमीटर के दायरे में 6 इंटरचेंज दिए गए हैं ताकि अलग-अलग जगहों से गाड़ियां आ-जा सकें। 38 अंडरपास, 6 फ्लाईओवर, 3 बड़े पुल और 28 छोटे पुलों का निर्माण किया गया है, जिससे सफर बिना किसी रुकावट के पूरा हो।
डिफेंस कॉरिडोर को मिलेगी नई रफ्तार
इस एक्सप्रेसवे को न सिर्फ ‘कानपुर लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE 6)’ या ‘अवध एक्सप्रेसवे’ कहा जा रहा है, बल्कि इसे डिफेंस कॉरिडोर एक्सप्रेसवे के नाम से भी जाना जाएगा। यूपी में विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर के प्रमुख केंद्रों को जोड़ने के कारण यह क्षेत्र में रक्षा उद्योगों (Defense Industries) के विकास और व्यापार को एक नई गति देगा।





