
बर्फबारी से पहले केदारनाथ धाम के कपाट बंद, रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
Kedarnath Dham 2026: बाबा केदारनाथ के भक्तों के लिए चारधाम यात्रा का एक और सीजन समाप्त हो गया है। बुधवार, 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस साल बाबा केदार के दर्शन के लिए रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अनुसार, इस यात्रा सीजन में 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।
सेना के बैंड की धुनों के बीच बंद हुए कपाट
कपाट बंद होने का धार्मिक समारोह पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान वैदिक मंत्रों का उच्चारण, पूजा-अर्चना और सेना के बैंड की धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने शीतकालीन अवकाश से पहले बाबा केदार के अंतिम दर्शन किए।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने इस अवसर को भावुक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार छह महीने नर और छह महीने नारायण के रूप में भगवान की पूजा होती है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले तीर्थ पुरोहितों, केदार सभा, NDRF, SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन का आभार जताया।
अब ओंकारेश्वर मंदिर में होगी पूजा
केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद अब बाबा केदार की उत्सव डोली को उनके शीतकालीन प्रवास स्थल उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर ले जाया जाएगा। सर्दियों के करीब छह महीनों तक यहीं भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना होगी।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उन श्रद्धालुओं से भी उखीमठ में दर्शन करने की अपील की है, जो इस साल केदारनाथ धाम नहीं पहुंच पाए।
22 अप्रैल को खुले थे कपाट
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मुताबिक, केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। बुधवार सुबह 4 बजे कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर समिति के प्रतिनिधियों, तीर्थ पुरोहितों और केदार सभा के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
अब श्रद्धालुओं को अगले साल केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का इंतजार रहेगा। उम्मीद है कि अगले साल अक्षय तृतीया के आसपास बाबा केदार के धाम के कपाट दोबारा खोले जाएंगे।




